Loading...
अभी-अभी:

राम रहीम को 10 साल की सजा का ऐलान, अब इस नाम से बुलाया जाएगा बाबा को

image

Aug 28, 2017

नई दिल्ली : रेप केस में दोषी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 10 साल की सजा का ऐलान किया गया। आईपीसी की धारा 376, 354, 506 एवं 511 के तहद सजा सुनाई गई। सजा के ऐलान के दौरान दोषी बाबा कांपने लगा। सजा सुनते ही बाबा फर्श पर बैठ कर रोने लगा। अब राम रहीम को कैदी नंबर 1997 के नाम से बुलाया जाएगा। साध्वी यौनशोषण मामले में राम रहीम को 25 अगस्त को दोषी करार दिया गया था।

सजा सुनाने के लिए रोहतक की सुनारिया जेल में विशेष कोर्ट लगाई गई थी। दोनों पक्षों को अपने-अपने पक्ष में दलील देने के लिए 10-10 मिनट का समय दिया गया था। राम रहीम भी कोर्ट में मौजूद थे। उसकी आंखों से आंसू बह रहे थे। जज ने फैसला पढ़ना शुरू कर दिया था, इसी बीच सूचना मिली कि डेरा प्रेमियों ने सिरसा के फुल्का गांव में दो गाड़ियों में आग लगा दी हैं। सुनरिया जेल में डेरा प्रमुख की सजा पर सुनवाई के दौरान बाबा के वकीलों ने बचाव पक्ष में कहा कि डेरा प्रमुख सामाजिक सरोकारों से जुड़ रहे हैं।

डेरा प्रमुख के वकील एसके नरवाना ने कहा कि बाबा ने कई समाज सेवा के काम किए हैं इसलिए उन्हें कम से कम सजा दी जाए। उन्होंने बताया कि बाबा ने 133 समाज सेवा के काम किए हैं। वे नरमी के हकदार हैं। उन्होंने डेरा प्रमुख की जेल बदलने की मांग की हैं। वहीं सीबीआई के वकीलों ने कहा कि अब कोई संशय नहीं हैं। साध्वियों का यौन शोषण किया गया हैं। डेरा प्रमुख ने भावनाओं का दोहन किया हैं। उसे मिलने वाली सजा कम हैं। सीबीआई वकीलों ने डेरा प्रमुख के लिए उम्रकैद की सजा मांगी थी।

15 साल पुराने इस मामले में सब्र और हिंसा के बाद पीड़ित साध्वियों को न्याय मिला। सीबीआई के विशेष जज जगदीप सिंह हेलीकॉप्टर के जरिए रोहतक स्थित सुनारिया जेल पहुंचे। उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई थी। सजा सुनाने के बाद जगदीप सिंह को तुरंत कड़ी सुरक्षा में वापस लाया गया।