Loading...
अभी-अभी:

संघर्ष विराम उल्लंघनः पाकिस्तान ने की गोलीबारी, 4 शहीद

image

Feb 5, 2018

जम्मू कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा से लगे इलाकों में पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की जिसमें सेना के एक अधिकारी और तीन जवान शहीद हो गए, साथ ही करीब चार लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया है कि भारतीय सेना इसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है, और दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हो रही है। पाकिस्तान के सैनिकों ने नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाया था। यहां भी रूक-रूक कर गोलीबारी जारी है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि अपने जन्मदिन से छह दिन पहले हरियाणा के गुड़गांव के रंसिका गांव के रहने वाले 22 वर्षीय कैप्टन कपिल कुंडू गोलाबारी में शहीद हो गए। जम्मू कश्मीर के सांबा जिले के रहने वाले 42 वर्षीय हवलदार रोशन लाल, मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले 27 वर्षीय राइफलमैन राम अवतार और जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के 23 वर्षीय शुभम सिंह इस गोलीबारी में शहीद हो गए। **बचपन से ही फौज में जाने का था शौक ...** जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में एलओसी पर भारी गोलाबारी में ग्वालियर के राइफलमैन राम अवतार भी शहीद हुए हैं। राम अवतार पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बरौआ गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी रचना लोधी और 5 साल का बेटा दिव्यांश और 3 माह की बेटी है। राम अवतार के शहीद होने की खबर लगते ही पूरे गांव में शोक की लहर है। साथ ही राम अवतार के घर पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। राम अवतार के बड़े भाई महेंद्र का कहना है कि राम अवतार घर का सबसे लाडला था और उसे बचपन से ही फौज में जाने का शौक था। **परिजन कर रहे जबावी कार्रवाई की मांग...** अब जब पाकिस्तानी गोलीबारी में राम अवतार शहीद हो गया है, तो उसके परिजन मोदी सरकार से पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की मांग कर रहे है। राम अवतार के भाई और गांव के लोगों से बात करने पर पता चला कि राम अवतार तीन साल पहले ही सेना में भर्ती हुए थे। वे तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। तीन माह पहले बेटी के जन्म के समय वे घर आए थे।