Loading...
अभी-अभी:

हिन्दू नव वर्षः शुभ मुहूर्तों में से एक है चैत्र मास का प्रथम दिन

image

Apr 5, 2019

हिंदू नववर्ष चैत्र महीने की पहली तारीख यानि चैत्र प्रतिपदा को मनाया जाता है। जो हर बार मार्च के आखिर या फिर अप्रैल महीने में होता है। ऐसे में हिंदू नव वर्ष 2019 की बात करें तो इस बार 6 अप्रैल को यानी कि कल हिंदू नववर्ष मनाया जाएगा। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से नव संवत्सर कैलेंडर आरंभ होता है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 6 अप्रैल को है। हिंदू मान्यता के अनुसार इसी दिन से भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की थी। इस दिन ही देवी के नौ रूपों को देखे जाने की भी मान्यता है। इसी दिन से नवरात्र शुरू होते हैं और नौ दिन तक देवी के अलग-अलग रूपों की पूजा होती है।

अलग अलग नामों से विभिन्न स्थानों पर मनाते हैं हिंदू नव वर्ष

हिंदू नववर्ष देशभर में मनाया जाता है। उत्तर में इसे नवरात्र के रूप में मनाते हैं। यहां मान्यता है कि देवी के नौ रूपों के दर्शन इस दिन हुए थे। इस कारण इस दिन से लेकर नौ दिन तक मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। वहीं महाराष्ट्र में माना जाता है कि इसी दिन शालिवाहन नाम के एक कुम्हार-पुत्र ने मिट्टी के सैनिकों की सेना से अपने शत्रुओं पर विजय पाई थी। इसलिए महाराष्ट्र में हर घर में गुड़ी (विजय पताका) सजाया जाता है।

दक्षिण में माना जाता है कि इस दिन प्रभु श्रीराम ने बालि का वध कर दक्षिण भारत में रहने वाले लोगों को उसके आतंक से मुक्त करवाया था। वहां भी विजय पताका फहराया जाता है। गोवा और केरल में कोंकणी समुदाय इसे संवत्सर पड़वो कहते हैं, तो कर्नाटक में इसे युगादि कहते हैं। दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में उगादी नाम से मनाया जाता है नववर्ष। स्वराज न्यूज की ओर से आप सभी को हिन्दू नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनायें।