Loading...

मास्क और सैनिटाइजर की आपूर्ति के लिए जेल प्रशासन ने की अनोखी पहल

image

Mar 17, 2020

अलीगढ़ः देश के कई हिस्सों में कोरोना वायरस की महामारी को देखते हुए हर कोई बचाव के साधन ढूंढता नजर आ रहा है। कोरोना का प्रकोप बढ़ने के साथ-साथ बाजार से मास्क और सैनिटाइजर गायब होते जा रहे हैं। इसे देखते हुए मास्क और सैनिटाइजर की आपूर्ति के लिए जेल प्रशासन ने अनोखी पहल की है। अलीगढ़ जिला कारागार में बंद हजारों कैदी जेल में ही मास्क तैयार कर रहे हैं। कोरोना से बचाव के लिए जेल में कैदियों से मिलने आ रहे लोगों को भी प्रवेश से पहले सैनिटाइजर देकर हाथ साफ करने को कहा जा रहा है और जेल में तैयार मास्क उपलब्ध कराया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जेल सुप्रिडेंट आलोक कुमार ने जेल में तैयार किये जाने मास्क को दिखाते हुए बताया कि यहां दो प्रकार के मास्क तैयार किये जा रहे हैं। मिलने आने वालों के लिए एक बार प्रयोग वाला मास्क उपलब्ध कराया जाता है। वहीं जेल में बंद बंदियों के लिए अन्य प्रकार का मास्क बनाया जा रहा है।

फिलहाल जेल के अंदर के लिए ही की जा रही मास्क की आपूर्ति

उन्होंने बताया कि फिलहाल जेल के अंदर के लिए ही मास्क की आपूर्ति की जा रही है। बाजारों में मास्क की कालाबाजारी को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य जगह की भी आपूर्ति की जायेगी। अगर आपको नहीं पता तो बता दे कि कारागारों में मास्क बनाने का काम 15 मार्च को शुरू किया गया था। जिसमें पहले दिन ही 400 मास्क तैयार कर लिए गए और अगले दिन 16 मार्च को 900 मास्क बनाए गए। अब तक कुल मिलाकर 1300 मास्क तैयार कर लिए गए हैं। इन बनाए गए मास्क में से 300 स्टाफ को दिए गए, 250 कैदियों को, 300 मुज्जफरनगर जेल भेजे गए। 100 नोएडा जेल भेजे गए और 350 कैदियों से मिलने आए लोगों को दिए गए।