Nov 22, 2016
उज्जैन। आगर मालवा जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिलाओं की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए. घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम खजूरी गोकुल के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर कमल किशोर नागर की भागवत कथा सुनने के लिए नलखेड़ा जा रहे थे. आमला-नलखेड़ा मार्ग पर टायर फटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसा इतना भयावह था कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 घायल हो गए. मृतकों के नाम रोड़ीबाई प्रजापति और शांतिबाई धाकड़ हैं, दोनों ही ग्राम खजूरी गोकुल थाना छापीहेड़ा, जिला राजगढ़ की निवासी थीं.घायलों में 13 की हालत गंभीर होने पर उन्हें उज्जैन रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रॉली में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला, जिसकी वजह से कई लोगों की जान बच गई। हादसे की जानकारी मिलने पर सुसनेर विधायक मुरलीधर पाटीदार भी अस्पताल पहुंच गए. विधायक ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी बात कर उन्हें हादसे के बारे में अवगत कराया, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मृतकों को 2 लाख रूपए, गंभीर घायलों को 50-50 हजार और सामान्य घायलों को 10 हजार रुपए की सहायता राशि तुरंत देने की घोषणा की है।