Sep 29, 2016
दुर्ग। जिला चिकित्सालय में एक बार फिर लापरवाही सामने आयी है। सूचना देने के बाद भी वक्त पर एंबुलेंस नहीं पहुँचने से प्रसूता मां ने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। जिसके बाद मां और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दरअसल, महिला कुम्हारी निवासी पौनी बंछोर जिला अस्पताल में इलाज कराने आयी थी। लेकिन अस्पताल से 100 मीटर दूरी पर ही महिला को लेबर पेन होने लगा। जिसके बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई। लेकिन एंबुलेंस के समय पर न पहुँचने पर वहाँ मौजूद महिलाओं ने साड़ी का घेरा लगाकर प्रसव कराया। महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। जन्म के 15 मिनट होने के बाद अस्पताल एंबुलेस मौके पर पहुँची। जिसके बाद महिला और बच्चे को अस्पताल पहुँचाया गया। फिलहाल महिला और बच्चे का इलाज किया जा रहा है।
इस मामले में अस्पताल प्रबंधन कुछ भी कहने से बच रहा है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एंबुलेंस को सूचना दी गई थी लेकिन वो समय पर नहीं पहुँची। जिस वजह से महिला का सड़क के किनारे ही प्रसव करना पड़ा। जबकि अस्पताल मौके से 100 मीटर की दूरी पर था।