Loading...
अभी-अभी:

अफसरों की मनमानी, बैरंग लौट रहे जनप्रतिनिधि

image

Oct 30, 2017

धमतरी : नगर पंचायत भखारा में पदस्थ अधिकारियों की लगातार मनमानी सामने आ रही है। वहीं दफ्तर में कर्मचारी अधिकारी नहीं होने के कारण रहवासियों का कोई भी काम नहीं हो रहा है। लोग अपना काम लेकर नगर पंचायत आते तो है, लेकिन यहां पर कोई भी जिम्मेदार नहीं होने से उन्हे बैरंग लौट जाना पड़ जाता है।

इतना ही नहीं, जनता के चुने हुए जनप्रतिनिधियों की बात को भी अफसर और कर्मचारी तवज्जो नहीं देते। जिसका खामियाजा शहर के लोग भुगत रहे है। हालांकि अधिकारियों की इस मनमानी को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने कई बार जिला प्रशासन से शिकायत किया है। बावजूद इसके अधिकारी कर्मचारियों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रहा है।

धमतरी जिले के नगर पंचायत भखारा में लोगों को अफसर या कर्मचारी मिल जाए, तो किसी अजूबा से कम नहीं है। यहां ज्यादातर कुर्सियां खाली नजर आती है, तो वहीं अधिकारी कर्मचारी दफतर से गायब रहते है। नगर पंचायत भखारा में ये आलम पहली दफा नहीं है।

यहां कई बार शिकवा-शिकायत दौर चलना आम बात सी हो गई है। ऐसे में एक उम्मीद लेकर नगर पंचायत के ऑफिस पहुंचे लोगों का काम अधर में लटक जाता है। वहीं काम समय पर पूरा नहीं होने से स्थानीय वाशिंदों को मायूस भी लौटना पड़ जाता है।

नगर पंचायत अध्यक्ष की माने, तो सभी तालमेल बनाकर नगर विकास में काम करना चाहते है, लेकिन अधिकारी ज्यादातर प्रशासनिक बैठकों में शामिल होते रहते है। वहीं अधिकारी मौजूद नहीं रहने से कर्मचारी अपनी मनमानी पर उतर आते है। जिसका सीधा असर नगर विकास में पड़ रहा है।

वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर पंचायत में आये दिन अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहते है। किसी काम को लेकर दफतर पहुंचने पर काम नहीं होता है, वहीं उल्टा उनका समय बर्बाद होता है। बहरहाल इस मामले में जिला प्रशासन नगर पंचायत भखारा में नए कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए शासन को पत्र लिखने सहित व्यवस्था सुधारने के लिए निर्देश देने की बात कह रहे है।