Loading...
अभी-अभी:

एम्स रायपुर में भर्ती दो और कोरोना के मरीज हुये स्वस्थ, 5 मरीजों का उपचार जारी

image

Apr 25, 2020

रायपुरः अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर में भर्ती दो और कोरोना के मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इसकी पुष्टि एम्स प्रबंधन ने ट्वीट कर की है। एम्स के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात दो मरीजों के कोरोना वायरस के दो टेस्ट लगातार नेगेटिव पाए गए। इसके बाद दोनों को एम्स के चिकित्सकों की टीम ने डिस्चार्ज करने का निर्णय लिया है। दोनों को शनिवार को डिस्चार्ज किया जाएगा। अब एम्स में कोविड-19 के 5 मरीजों का उपचार जारी है। बता दें कि शुक्रवार सुबह 2 कोरोना मरीजों को डिस्चार्ज करने के बाद छत्तीसगढ़ में कोरोना मरीजों की संख्या कुल 6 थीं, जिनका एम्स में उपचार जारी था।

पहली बार प्रदेश में मेडिकल स्टाफ की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव

रात करीब साढ़े 10 बजे एम्स ने अपने ही एक नर्सिंग ऑफिसर के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की। इस केस के बाद प्रदेश में संख्या बढ़कर 7 हो गई थी। प्रदेश में कोरोना मरीजों के इलाज में लगे स्वास्थ्यकर्मी के कोरोना पॉजिटिव होने का यह पहला केस है, जिसने सभी को चौका दिया। पुष्टि होते ही एम्स प्रबंधन अपने ही नर्सिंग स्टाफ के उपचार में जुटा है। इस बीच देर रात प्रदेश के लिए राहत भरी खबर आई कि 2 और कोरोना रोगी ठीक हो गए हैं। ज्ञात हो कि प्रदेश में अब तक कुल 37 केस सामने आए। इनमें  30 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। 2 और लोगों को शनिवार को डिस्चार्ज करने की तैयारी है। एम्स के मुताबिक भर्ती 5 मरीजों की हालत स्थिर है।