Oct 19, 2017
रायपुर : मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने दीपावली के अवसर पर जनता की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सभी लोगों को बधाई दी है। दीपावली की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस वर्ष दिवाली के पहले धनतेरस के दिन राजधानी रायपुर सहित राज्य के शहरों के बाजारों में जैसी रौनक देखी गई वह इस बात का प्रमाण है कि सरकार की योजनाओं से गांव, गरीब और किसानों के साथ-साथ आम जनता के जीवन में समृद्धि आ रही है। धान के बोनस की राशि से किसान अपने घर-परिवार की जरूरतों के लिए बाजारों में खरीदारी कर रहे है। इससे अर्थव्यवस्था में भी काफी सकारात्मक असर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली मां लक्ष्मी और देवी अन्नपूर्णा की आराधना और सामाजिक समरसता का प्रमुख पर्व है। खेत-खलिहानों से देवी अन्नपूर्णा के रूप में नयी फसल किसानों के घर आंगन में पहुंचती है, तो उनके जीवन में खुशहाली आती है। वहीं बाजारों में भी रौनक बढ़ती है। डॉ रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने संकल्प को पूरा करते हुए प्रदेश के 13 लाख से ज्यादा किसानों को इस वर्ष दीपावली से पहले बोनस तिहारों के जरिए 2100 करोड़ रुपए का धान बोनस दिया है।
यह राशि किसानों के घर-परिवार में खुशियों को दोगुनी करने में मददगार साबित हो रही है। सूखा पीड़ित किसानों को भी धान के बोनस से काफी मदद मिली है। मुख्यमंत्री ने दीपावली के मौके पर प्रदेश के सभी मेहनतकश किसानों, मजदूरों, आम नागरिकों, डॉक्टरों, शिक्षकों, साहित्यकारों, पत्रकारों, अधिकारियों-कर्मचारियों और उद्योग-व्यापार जगत से जुड़े लोगों सहित समाज के सभी वर्गों के लिए अपनी शुभेच्छा प्रकट की है।








