Sep 25, 2019
राम कुमार यादव - अम्बिकापुर शहरवासियों के लम्बे इन्तजार के बाद आखिरकार अब घड़ी चौक को अपनी असली पहचान मिल गई। नगर निगम द्वारा घड़ी चौक पर डिजिटल घड़ी स्थापित कर दी गई है। चार लाख की कीमत की इस घड़ी की खास बात यह है कि घड़ी सैटेलाइट से कनेक्ट है और जीपीएस के माध्यम से समय को दिन में दो बार सिंक्रोनाइज करेगी। अम्बिकापुर के घड़ी चौक की घड़ी वर्षो से खराब होने के बाद से नगर निगम सरकार को काफी आलोचनाएं भी झेलनी पड़ी, परन्तु नगर निगम का कहना था कि अब तक जितनी भी घड़ियां लगाई गई उनके कांटो को एनालॉग मशीन कंट्रोल करती थी। इसलिए कुछ समय बाद चारों दिशाओं की घड़ी में अलग-अलग समय बताता था।
नगर निगम के पूर्व महापौर ने कांग्रेस को घेरा
अम्बिकापुर नगर निगम द्वारा देश भर के रेलवे स्टेशन में लगाई गई घड़ियों का अध्ययन किया गया। जिससे यह बात सामने आई कि अगर सैटेलाइट से कनेक्ट घड़ी लगाई जाए तो समस्या से निजात पाया जा सकता है। वहीं अम्बिकापुर नगर निगम के पूर्व महापौर ने इस घड़ी पर निगम को घेरते हुए कहा कि एक घड़ी को लगाने में चार साल का समय लग गया है, कांग्रेस के समय मे ऐसा ही रहता है, समान लग तो जाते हैं पर चलते नहीं हैं। पूर्व महापौर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अम्बिकापुर मेडीकल कॉलेज में लगी सिटी स्कैन मशीन लगते ही खराब हो गई। बनाने वाले आएंगे, बनेगी और फिर चलेगी। साथ ही घड़ी पर पूर्व महापौर ने कहा है इनके दावों में कितना दम है ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा कि घड़ी चौक पर लगी ये घड़ी कितने दिन चलती है।