Oct 18, 2016
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस ने राज्य स्थापना दिवस के दिन कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। मंगलवार हुई कार्डिनेशन कमेटी की बैठक में इस बात का फैसला लिया गया। इस दौरान कांग्रेस धान का बोनस देने, मनरेगा का लंबित भुगतान जारी करने, आदिवासियों का शोषण रोकने, भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने और अन्य मांगों पर राज्योत्सव का बहिष्कार करेगी। राज्य स्थापना दिवस के दिन कांग्रेस पूरे प्रदेश में जेल भरो आंदोलन चलायेगी। कांग्रेस के कद्दावर नेता भूपेश बघेल ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्योत्सव हम भी मनाना चाहते हैं, लेकिन जब किसान दुखी है, मजदूर दुखी है, आदिवासी दुखी है, तो फिर कैसे राज्योत्सव मना सकते हैं।








