Feb 26, 2019
टुकेश्वर लोधी : आरंग के पूर्व विधायक नवीन मार्कन्डेय के साथ की गई पुलिसिया बदसलूकी के विरोध में सोमवार को रायपुर जिला ग्रामीण भाजयुमो द्वारा आरंग के बस स्टैंड में एक दिन का धरना प्रदर्शन किया गया। धरना में मार्कन्डेय के अलावा पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव सहित अन्य बड़े नेता शामिल हुए।
धरने में शामिल नेताओं ने मंत्री शिवकुमार डहरिया के संरक्षण में स्थानीय पुलिस द्वारा मार्कन्डेय के साथ की गई बर्बरतापूर्ण कार्यवाही की निंदा की गई। नेताओं ने कहा झूठे लोकलुभावन वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस सत्ता के मद में चूर होकर आतंक की कार्यवाही कर रही है। इससे हम सभी को निपटना होगा।
संबोधन कार्यक्रम के बाद भाजपाइयों द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री शिवकुमार डहरिया का पुतला जलाया गया। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का पुरजोर प्रयास किया, लेकिन भाजपाई पुतले को आग लगाने में कामयाब हो गए। बता दें 23 फरवरी को आरंग में हो रहे नये रेस्ट हाउस भवन निर्माण के लोकार्पण में मंत्री शिवकुमार डहरिया के समक्ष आपत्ति जताने पहुंचे मार्कन्डेय को मंत्री डहरिया के आने के पूर्व कथित तौर पर मंत्री डहरिया के आदेश पर पुलिस जबर्दस्ती हाथ-पाँव पकड़कर थाने ले गई और लगभग 4 घंटे बाद जब मंत्री डहरिया आरंग से निकल गए, तब बिना कोई कार्यवाही किए छोड़ दिया था। ये मामला भाजपा की ओर से सोमवार को विधानसभा में भी उठाया गया, जिस पर काफी हंगामा मचा था।








