Loading...
अभी-अभी:

गरियाबन्दः ओडि़शा के धान माफियाओं के यहां पड़े छापे, कलेक्टर और एसपी ने 1 करोड़ 55 लाख रुपए का धान किया बरामद

image

Nov 21, 2019

अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में ओडि़शा के धान माफियाओं के यहां छापे मारकर गरियाबंद कलेक्टर और एसपी ने 1 करोड़ 55 लाख रुपए का धान बरामद किया है। जब्त धान को ओडि़शा से आधी कीमत पर लाकर यहां समर्थन मूल्य पर 2500 में खपाने की तैयारी थी। इतनी बड़ी मात्रा में ओडि़शा का धान देखकर कलेक्टर व एसपी हैरान रह गए। अकेले ग्राम पीतलखूंटी के एक धान माफिया के यहां से लगभग 1 करोड़ रुपए का धान बरामद हुआ। कलेक्टर श्याम धावड़े एवं पुलिस अधीक्षक एमआर आहिरे ने ओडि़शा सीमा से लगे गांवों में पहुंचकर लोगों से पूछकर लगभग 7 व्यापारियों के यहां छापा मारा। जिनमें से 5 के यहां अवैध रूप से संग्रहित किया गया धान मिला। कुछ व्यापारियों ने पहले उसे अपना धान बताया मगर रिकॉर्ड में उन्होंने धान उगाया ही नहीं था।

प्रदेशभर की यह सबसे बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद जिले की 60 प्रतिशत  सीमा ओडि़शा राज्य से लगती है। ओडि़शा में धान की कीमत काफी कम होने के चलते वहां से लगभग 13 सौ रुपए में खरीद कर गरियाबंद जिले की सीमा पर स्थित धान खरीदी समितियों में खपाने का प्रयास सालों से किया जाता रहा है लेकिन धान का समर्थन मूल्य बढऩे से धान माफियाओं का लाभ कई गुना अधिक बढ़ गया है। जिसके फेर में किसी भी स्थिति में यह ओडि़शा का धान लाने के प्रयास में रहते हैं। ऐसे में चोरी-छिपे ओडि़शा से लाए गए 16000 क्विंटल धान एक ही दिन में कलेक्टर और एसपी ने छापा मारकर बरामद किया। प्रदेशभर की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। कलेक्टर और एसपी ने कार्रवाई आगे और तेज करने की बात कही है और किसी भी शर्त पर गरियाबंद जिले की मंडियों में ओडि़शा का धान नहीं बिकने देने की बात कही है।