Loading...
अभी-अभी:

रमन ने सारंगढ़ में की सौ बिस्तर अस्पताल की स्वीकृति की घोषणा

image

Jun 8, 2018

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि जब भी जिले का पुनर्गठन होगा सारंगढ़ को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीबों के जीवन में खुशहाली लाना राज्य सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य हैं। डॉ. सिंह आज प्रदेश व्यापी विकास यात्रा के दौरान रायगढ़ जिले के सारंगढ़ में आयोजित आम सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सारंगढ़ में सौ बिस्तर अस्पताल की स्वीकृति की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न आस्था केन्द्रों का विकास प्राथमिकता के साथ किया गया है। बाबा गुरूघासीदास की जन्म स्थली और कर्म स्थली गिरौदपुरी में लगभग 90 करोड़ रूपए की लागत के विकास कार्य कराए गए हैं। सभी वर्गो के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों के विकास के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। 

38 निर्माण कार्यो का लोकार्पण
विकास यात्रा के अगले पड़ाव में मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह ने दुर्ग और रायगढ़ जिले की विधानसभाओं में दौरा किया। सारंगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह ने मुख्यमंत्री ने सारंगढ़ में लगभग 108.80 करोड़ रूपए की लागत से 38 निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने इनमें से लगभग 100.98 करोड़ रूपए की लागत से 21 नए स्वीकृत कार्यो का शिलान्यास और 7.81 करोड़ रूपए की लागत से पूर्ण हो चुके 17 कार्यो का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने आम सभा में 26 हजार 443 परिवारों को आबादी पट्टा और 30 हजार 711 हितग्राहियों को 40.36 लाख रूपए की राशि की सामग्री एवं सहायता राशि वितरित की। 

800 श्रमिकों को साइकिल किया वितरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ जिले में 58 हजार किसानों को 96 करोड़ 49 लाख रूपए का धान बोनस दिया जा रहा है, जिनमें सारंगढ़ क्षेत्र के 20 हजार किसानों को 33 करोड़ 23 लाख रूपए का धान बोनस दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आम सभा में डेढ़ हजार महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन, डेढ़ हजार परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान स्वीकृति पत्र, श्रम विभाग की योजनाओं में 800 श्रमिकों को साइकिल और उपकरणों का भी वितरण किया। इसके अलावा उन्होंने मत्स्य पालको को जाल, आईस बाक्स, दो सौ पशु पालकों को चाराबीज, 75 फड़मुंशियों को साइकिल, 30 तेन्दूपत्ता संग्रहकों को पारिश्रमिक और संग्राहकों के बच्चों को छात्रवृत्ति सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं में सामग्री और सहायता राशि वितरित की।

एनीकट का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने जिन कार्यो का भूमि पूजन किया, उनमें मुख्य रूप से सारंगढ़ नगर में 34 करोड़ 47 लाख 80 हजार रूपए की लागत से आवर्धन जल प्रदाय योजना, 9 करोड़ 46 लाख रूपए की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत एम.एल.01 मल्दा व परसदा छोटे से गोण्डा सड़क का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा उन्होंने 8 करोड़ 75 लाख रूपए की लागत से गोड़म-बंधापाली सड़क, 8.30 करोड़ रूपए की लागत से एम.एम.10 बरमकेला सोहेला रोड से नवापारा(बड) तक सड़क, 8.93 करोड़ रूपए की लागत से गंथरा (दानसरा) मौहाढ़ोढ़ा मार्ग, 5 करोड़ 62 लाख रूपए की लागत से साराडीह बैराज में अपस्ट्रीम दायीं तट में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने जिन कार्यो का लोकार्पण किया, उनमें मुख्य रूप से 3 करोड़ 60 लाख रूपए की लागत से पहन्दा से चोरभठ्ठी मार्ग पर लीलार नाला में पुल, 1.90 करोड़ रूपए की लागत से ग्राम बोंदा और बरमकेला में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने 37 लाख रूपए की लागत से वनमंडल रायगढ़ द्वारा स्टॉप डेम निर्माण कार्य कक्ष क्रमांक 915 आर एफ गोमर्डा तथा 20 लाख रूपए की लागत से कक्ष क्रमांक 941 पीएफ गोमर्डा में एनीकट का लोकार्पण किया।

स्वागत सभा में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश व्यापी विकास यात्रा के दौरान आज दुर्ग जिले के विकासखण्ड मुख्यालय धमधा के बाजार चौक में आयोजित स्वागत सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आम जनता के जीवन में आया परिवर्तन ही सही मायने में विकास का परिचायक है। उन्होंने कहा कि आम जनता की सभी जरूरतों और आवश्यकता की सभी चीजों को उनकी आसान पहुंच भी विकास का एक उदाहरण है। राज्य के करोड़ों लोगों तक शासन की योजनाएं पहुंच रही है, जिससे प्रदेश के चारो तरफ विकास देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने स्वागत सभा में उमड़ी जनसैलाब को देखकर कहा कि अपने जीवन में पहली बार ऐसा उत्साह, जनसमर्थन और जनसैलाब देखने को मिला है। यह जनसैलाब प्रदेश में हुए विकास का परिचायक है। संसदीय सचिव एवं क्षेत्रीय विधायक श्री लाभचंद बाफना की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र की जो भी जरूरत और मांग होगी उसे पूरा किया जाएगा।

राज्य सरकार की सबसे बड़ी योजना
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि गरीबों के लिए एक रूपए किलो चावल की योजना राज्य सरकार की सबसे बड़ी योजना है, जो कभी बंद नहीं होगी। उन्होंने किसानों से कहा कि स्वागत सभा से जब घर के लिए रवाना होंगे तो घर पहुंचने से पहले धान बोनस की यह राशि आपके खाते में पहुंच जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से प्रदेश के जन-जीवन में खुशहाली आ रही है। प्रदेशव्यापी विकास यात्रा की आमसभाओं में जनता की जरूरतों और मांग के अनुरूप पूरे प्रदेश में लगभग 30 हजार करोड़ रूपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन और शिलान्यास किया जा रहा है। किसानों को 1700 करोड़ रूपए का धान बोनस दिया जा रहा है।

आयुष्मान योजना का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने राज्य और केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब लोगों को किड़नी और लीवर ट्रांसप्लांट, कैसर और हृदय सबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्हें अब इलाज के लिए मकान और जमीन बेचना नहीं पड़ेगा।  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों को ध्यान में रखते हुए, गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा के लिए आयुषमान भारत योजना शुरू की गई है। इस योजना से राज्य के 37 लाख गरीब परिवारों को 5 लाख रूपए तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य), प्रधानमंत्री आवास योजना ,प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, संचार क्रांति योजना, स्वास्थ्य बीमा योजना सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी।   

धमधा क्षेत्र का हो रहा तेजी से विकास 
संसदीय सचिव एवं क्षेत्रीय विधायक लाभचंद बाफना ने विकास यात्रा के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का धमधा क्षेत्र में आगमन होने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व के चलते प्रदेश के साथ ही धमधा क्षेत्र का भी काफी तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को अनेक सौगाते दी है।

विकास कार्यों का लेखा जोखा पहुंचा रहे जनता तक
बहरहाल मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह की विकास यात्रा अनवरत जारी है जहां-जहां यात्रा पहुंच रही है, विकास की सौगातें मिल रही है दरअसल यह ना केवल सौगातें देनी की यात्रा है बल्कि यात्रा है जनता को दिए जाने वाले हिसाब की, जहां खुद सूबे के मुखिया डाॅ.रमन सिंह पांच सालों के विकास कार्यों का लेखा जोखा लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं।