Jun 8, 2019
अखिल मानिकपुरी : बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोरबा में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते 28 लाख रुपये की लागत से बनी उप स्वास्थ्य केंद्र आज खंडहर में तब्दील हो रहा है। बता दें कि ग्राम पंचायत गोरबा में 10 वर्ष पहले यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के उद्देश्य से 28 लाख रुपये खर्च कर उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया था। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के चलते इसका आजतक लोकार्पण नहीं हो सका है। इस उप स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण नहीं होने से स्वास्थ्य सुविधा का सपना संजोये ग्रामीणों के अरमानों पर पानी फिर रहा है।
उप स्वास्थ्य केंद्र में नहीं है किसी भी प्रकार की सुविधा
गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हमेशा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की बात करते है। लेकिन इस गांव के उप स्वास्थ्य केन्द्र का नजारा ही कुछ अलग है। यहां उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन तो बना है। लेकिन किसी प्रकार की सुविधा ही नही है। आज तक इस स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण नहीं हुआ है। गोरबा गांव से लगे कई गांव के लोगो को अगर बीमारी हो जाती है। तो गांव के झोलाछाप डॉक्टर या कई किलोमीटर दूर जा कर इलाज करवाना पड़ता है। जिससे कई लोगों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाएं खराब
ग्रामीणों के मुताबिक यहां स्वास्थ्य सुविधा बेहद खराब है और शासन प्रशासन से मांग भी की है कि उप स्वास्थ्य केन्द्र की स्थिति को सुधार कर चालू कराया जाए ताकि लोगों को स्वास्थ्य सुविधा बेहतर रूप से मिल सके और शासन का लाखों रुपये का सदुपयोग हो सके।