Nov 8, 2025
दुर्ग GRP ने ट्रेन से पकड़ा अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिया
मनोजदेवांगन दुर्ग संवाददाता: दुर्ग जीआरपी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में मुंबई शालीमार एक्सप्रेस ट्रेन से एक अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुंबई पुलिस की गिरफ्त से फरार होकर हावड़ा की ओर भाग रहा था। पुलिस की सूचना पर की गई तलाशी ऑपरेशन में उसे धर दबोचा गया।
कौन है आरोपी?
गिरफ्तार युवक की पहचान आजमीन आलम शेख (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बांग्लादेश के नोडियाल जिले के बोरिखाली गांव का निवासी है। पुलिस जानकारी के अनुसार, आजमीन लगभग 11 महीने पहले अवैध रूप से भारत में घुसा था। माना जा रहा है कि वह मुंबई में काम की तलाश में आया था। मुंबई पुलिस द्वारा उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी, जिसके बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए ट्रेन के जरिए हावड़ा भाग रहा था।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
दुर्ग जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि मुंबई पुलिस की एक टीम ने उन्हें आरोपी के बारे में सूचना दी। इसके बाद दुर्ग स्टेशन पर खड़ी मुंबई शालीमार एक्सप्रेस की विशेष जांच और तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान आजमीन आलम शेख को ट्रेन में ही ढूंढ़कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत मुंबई पुलिस की हिरासत में सौंप दिया गया है। मुंबई पुलिस की टीम उसे लेकर वापस मुंबई रवाना हो गई है। यह मामला अवैध घुसपैठ और देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को एक बार फिर उजागर करता है।







