Loading...
अभी-अभी:

बलरामपुरः अंधविश्वास का गहराता जाल, युवती कर रही नाग देवता से शादी का दावा

image

Jun 25, 2019

सुनील पासवान- कहने को तो भारत 21वीं से 22वीं सदी की ओर बढ़ रहा है मगर आज भी लोगों के मन से अंधविश्वास का भूत उतरा नहीं है। आज भी लोग अंधविश्वास में पड़ कर न जाने क्या-क्या हरकतें करते हैं जिसे देख सुन कर आश्चर्य ही होता है। इसी तरह की एक घटना बलरामपुर की है जहां एक युवती दावा कर रही है कि उसकी शादी नाग के साथ हो गई है और उसी ने उसके माथे और सिर में सिन्दूर लगाया है। कुंवारी होने के बाद भी युवती शादीशुदा और सुहागन की जिन्दगी व्यतित कर रही है। हैरान करने वाली बात तो यह है कि युवती के इस अंधविश्वास में उसके माता-पिता भी उसका साथ दे रहे हैं।

युवती का दावा उसके मस्तक पर सिन्दूर नाग देवता ने लगाया

पिछले सात महिनों से चल रहे इस अंधविश्वास के खेल की चर्चा अब पूरे जिले में फैल गई है और दूर-दूर से लोग उस युवती को देखने पहुंच रहे हैं। माथे में बिन्दी और मस्तक में सिन्दूर लगाये युवती का दावा है कि उसके मस्तक पर सिन्दूर नाग देवता ने लगाया है। युवती का नाम दुर्गावती है और उसका कहना है कि उसकी नाग देवता से शादी हो चुकी है और अब वो उन्हीं की बनकर रहेगी। युवती पिछले सात महिनों से ये दावा कर रही है और कुंवारी होते हुए भी पिछले सात महिनों से सुहागन की जिन्दगी व्यतित कर रही है। दुर्गावती ने बताया कि उसके सपने में नाग देवता आते हैं और कहते हैं कि तुम मेरी हो और किसी की नहीं हो सकती।

गांव में चल रहे इस अंधविश्वास के खेल का प्रशासन बना हुआ मूक दर्शक

युवती ने बताया कि नाग देवता प्रतिदिन उसके सपने में आते हैं और उससे बातें करते हैं। युवती की मानें तो नाग के द्वारा लगाया उसका सिन्दूर पानी से धोने से नहीं धुलेगा और सिर्फ वही इसे धो सकती है। युवती ने कहा कि नाग ने उसे जाने के लिए कहा तो माता पिता के अकेले हो जाने के कारण वो उसके साथ नहीं गई। युवती ने कहा कि नाग के आदेश पर ही वह घर के सामने मंदिर का निर्माण करवा रही है। मंदिर बनने के बाद सावन में अगर उसके माता पिता की परमिशन होगी तो वो नाग के साथ चली जाएगी। जनपद कार्यालय से महज 5 किमी की दूरी पर गांव में अंधविश्वास का ये खेल चल रहा है, लेकिन प्रशासन ने इसे रोकने के लिए अब तक कोई पहल नहीं किया है। अंधविश्वास का खेल धीरे-धीरे पूरे क्षेत्र में फैलने लगा है।