Nov 16, 2016
रायपुर। प्रदेश सरकार के वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने आज विधानसभा का घेराव किया। छजकां ने मंडी गेट पर 2 हजार से भी अधिक कार्यकर्ताओं के साथ इक्कठा होकर धरना प्रदर्शन किया। इसमें अजीत जोगी, विधायक अमित जोगी, सियाराम कौशिक, आरके राय, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष धर्मजीत शामिल थे।
दरअसल, कार्यकर्ता घेराव के लिए मंडी गेट से आगे बढ़ रहे थे, लोधी पारा चौक के पहले पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शन कारियों के विरोध करने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं की बीच जमकर झड़प हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उग्र होकर पथराव करना शुरूकर दिया। इस पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। आधे घंटे तक हालत बुरी तरह बिगड़ गई। भीड़ को बेकाबू करने के लिए पुलिस ने कई बैरिकेट्स भी लगा रखी थी, लेकिन हालात को काबू में न करने पर पुलिस ने दर्जनों कार्यकर्ताओं को लहूलुहान कर दिया। झड़प में कई सीएसपी और टीआई सहित कई पुलिसकर्मियों को भी चोटे आयी हैं।
विधायक अमित जोगी ने आरोप लगाया है कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, फिर भी पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। अमित के मुताबिक पुलिस ने कुल नौ बार लाठीचार्ज किया है। घटना के बाद पूर्व सीएम व पार्टी सुप्रीमो अजीत जोगी ने घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात की है। पुलिस के मुताबिक उग्र प्रदर्शनकारियों को कंट्रोल करने के लिए बल प्रयोग किया गया। - रिपोर्ट वैभव शिव पाण्डेय, स्वराज एक्सप्रेस, रायपुर