Loading...
अभी-अभी:

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने पर विधायक आरके राय कांग्रेस से निलंबित

image

Oct 19, 2016

रायपुर। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के करीबी विधायक को पार्टी से निलंबित कर दिया है। छत्तीसगढ़ के गुंडरदेही विधानसभा सीट से विधायक आरके राय पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के करीबी माने जाते हैं। राय को पुलिस सेवा से राजनीति में लाने का श्रेय अजीत जोगी को जाता है। जोगी के कहने पर ही राय ने कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ा। कांग्रेस महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने मंगलवार को बताया कि कांग्रेस विधायक आरके राय को समन्वय समिति के सदस्यों की सर्वसम्मति से कांग्रेस पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।

हरिप्रसाद ने बताया कि आरके राय के निष्कासन की कार्यवाही के लिए अनुशासन समिति को राज भेज दी गई है। कांग्रेस नेता ने बताया कि राज्य में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और कांग्रेस विधायक दल के नेता टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में ही 2018 का चुनाव लड़ा जाएगा। इधर, कांग्रेस से निलंबित होने के बाद विधायक आरके राय ने कांग्रेस पार्टी पर आभार जताया है और कहा है कि उनके खिलाफ इसलिए कार्रवाई की गई क्योंकि उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर टिप्पणी की है। वहीं, राय ने एक बयान जारी कर कहा है कि इस निलंबन से वह स्वतंत्र हैं, उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया कि उन पर इसलिए कार्रवाई की गई क्योंकि उन्होंने राहुल गांधी के विरुद्ध टिप्पणी की। विधायक ने कहा कि उन्हें इस बात का कोई दुख नहीं है, क्योंकि वह स्वतंत्र विचार वाले सच्चे और बेबाक आदिवासी प्रतिनिधि हैं।

राय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता के सामने कांग्रेस का आदिवासी विरोधी चेहरा एक बार फिर उजागर हुआ है। उनका निलंबन मील का पत्थर साबित होगा। अब दोनों दलों के कई और आदिवासी और दलित प्रतिनिधि एक मंच पर आकर अपने विचार बेबाकी से रखेंगे और जनता के सामने दोनों राष्ट्रीय दलों की आदिवासी विरोधी सोच का पर्दाफाश करेंगे। कांग्रेस से अलग होने के बाद जब जोगी ने नई पार्टी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) का गठन किया तब राय और उनके करीबी नेताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।