Loading...
अभी-अभी:

मनोहर पर्रिकरः आधुनिक गोवा के शिल्पकार नहीं रहे, ज़िंदगी हार गई जिंन्दादिली से

image

Mar 17, 2019

मनोहर पर्रिकर ज़िंदगी की मिसाल थे, खिलता हुआ व्यक्तित्व और उस पर उनकी बेलौस मुस्कुराहट, एक नई ऊर्जा भर देथी थी। मगर अफसोस अब वो ऊर्जा, वो रोशन चिराग बुझ गया है। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर अब नहीं रहे। कैंसर से लड़ते-लड़ते जिंदगी की जंग हार गए वो। रविवार की शाम को मनोहर पर्रिकर ने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। मनोहर पर्रिकर 63 साल के थे। पर्रिकर अग्नाशय की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। पर्रिकर के निधन से पूरा देश शोकाकुल है। पर्रिकर की सादगी और आखिरी वक्त तक जज्बे के साथ देश सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

पर्रिकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद विश्वासी और करीबी थे। हाल ही में पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को आधुनिक गोवा का शिल्पकार बताया था और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी, लेकिन शायद ऊपर वाले को कुछ और ही मंजूर था।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने ट्वीट में लिखा- गोवा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर पर्रिकर के निधन पर अत्यंत दुख हुआ है। घंटों पहले, पर्रिकर के कार्यालय ने ट्वीट किया था कि उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर थी और डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं। 

राजनाथ सिंह ने दुख प्रकट करते हुये कहा कि अपने प्रिय मित्र के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह अपनी ईमानदारी, निष्ठा और सरलता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने बड़ी लगन के साथ देश और गोवा राज्य की सेवा की। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।

अंतिम संस्कार आज शाम को

मनोहर पर्रिकर का पार्थिव शरीर 10:30 बजे कला अकादमी ले जाया जाएगा। सुबह 11 से शाम 4 बजे तक आम जनता मनोहर पर्रिकर को श्रद्धांजलि दे सकेगी। शाम 5 बजे मनोहर पर्रिकर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। राजनीति, सिनेमा, खेल और कला जगत से जुड़ी हस्तियों ने भी गहरा दुख जताया है। गोवा के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे मनोहर पर्रिकर सियासत में सादगी की जीती-जागती मिसाल थे।