Loading...
अभी-अभी:

नहीं रहे अभिनेता डॉ. श्रीराम लागू, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और नितिन गडकरी ने जताया दुख

image

Dec 18, 2019

मुंबईः अभिनेता श्रीराम लागू का मंगलवार को पुणे में निधन हो गया। श्रीराम लागू 92 साल के थे। उनका गुरुवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। श्रीराम लागू का जन्म 16 नवंबर 1927 में महाराष्ट्र के सतारा में हुआ था। वे एक थियेटर कलाकार थे। जितना उनके अभिनय को फिल्मों में सराहा गया, उससे कहीं अधिक थियेटर के विकास में उनके योगदान को लेकर उनकी प्रशंसा होती थी। अभिनेता श्रीराम लागू के निधन पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और नितिन गडकरी ने दुख जताया है। जावड़ेकर ने ट्वीट कर कहा, 'महान कलाकार श्रीराम लागू को मेरी श्रद्धांजलि। हमने एक बहुमुखी व्यक्तित्व को खो दिया है। अद्वितीय थिएटर अभिनेता ने सिल्वर स्क्रीन पर अपना दबदबा बनाया और प्रभाव पैदा किया।

डॉ. लागू हिंदी और मराठी फिल्मों में रहे सक्रिय

डॉ. लागू ने हिंदी और मराठी फिल्मों में काम किया। उन्होंने करीब 100 से अधिक फिल्मों में चरित्र भूमिका निभाई। 1978 में फिल्म घरौंदा के लिए डॉ.लागू को सर्वेश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया। फिल्मों और नाटकों में अभिनय करने से पहले डॉ.लागू कुछ वर्षों तक अफ्रीका में भी रहे, जहां उन्होंने एक चिकित्सक के तौर पर काम किया। बाद में वे भारत लौट आए और थियेटर में सक्रिय हो गए। 70 के दशक तक आते आते डॉ लागू देश में एक अच्छे थियेटर कलाकार के रूप में स्थापित हो चुके थे। उनकी खुद्दार, औरत तेरी यही कहानी, काला बाज़ार, विधाता और लावारिस ऐसी फिल्में है, जिसमें उनके शानदार अभिनय के लिए आज भी याद किया जाता है।