Loading...
अभी-अभी:

मुख्य सचिव बी.पी.सिंह : राजस्व अभियान के आए अच्छे परिणाम

image

Jan 20, 2018

भोपाल। मुख्य सचिव श्री बी.पी.सिंह ने कहा है कि प्रदेश में राजस्व अभियान के अच्छे परिणाम आये हैं। पिछले तीन माह में 10 लाख से अधिक अविवादित नामांतरण प्रकरण निराकृत किये गये हैं, यह एक बड़ी उपलब्धि है। राजस्व अधिकारी मेहनत से काम कर रहे हैं। प्रदेश स्तर पर राजस्व के कार्य पिछड़ रहे थे, इसलिये प्रदेश के तीन सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों, जिनमें प्रमुख सचिव श्री हरिरंजन राव, श्री मनीष रस्तोगी एवं आयुक्त भू-अभिलेख श्री एम. सेलवेन्द्रम शामिल हैंं। इनको राजस्व विभाग में पदस्थ किया गया है। मुख्य सचिव ने कहा कि समीक्षा बैठकें आगे भी चलती रहेंगी। भविष्य में अनुविभागीय स्तर के अधिकारियों को ही बैठक में आमंत्रित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हर मीटिंग में कुछ न कुछ नई जानकारी प्राप्त होती है। पिछली बार होशंगाबाद संभाग की बैठक में धारा 190 के तहत हुए नामांतरणों की जानकारी प्राप्त हुई। मुख्य सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे कोई भी नामांतरण नहीं किये जायें, जिससे राज्य सरकार को पंजीयन शुल्क की हानि होती हो। नहीं तो सम्बन्धित राजस्व अधिकारी से हानि की वसूली की जायेगी। मुख्य सचिव ने आज उज्जैन में संभागीय राजस्व अधिकारियों की बैठक में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में प्रमुख सचिव श्री अरूण पाण्डेय और श्री मनीष रस्तोगी, संभागायुक्त, संभाग के सभी जिला कलेक्टर और राजस्व अधिकारी मौजूद थे। बैठक में संभागायुक्त श्री एमबी ओझा ने बताया कि पांच साल से लम्बित एक भी प्रकरण संभाग में शेष नहीं है। एक अक्टूबर से लेकर अब तक संभाग में आरसीएमएस सॉफ्टवेयर में दर्ज 58 हजार 571 प्रकरण में से 50 हजार प्रकरण निराकृत हो चुके हैं। नीमच जिला राजस्व प्रकरणों के निराकरण में सबसे आगे है। संभागायुक्त ने संभाग के जिलों की सभी तहसीलों में सीमांकन के लिये दो-दो टीसीएम मशीनों की जरूरत बताई। बैठक में प्रमुख सचिव राजस्व श्री अरूण पाण्डेय ने आरसीएमएस साफ्टवेयर को क्रान्तिकारी बताते हुए कहा कि राजस्व न्यायालयों की कार्य-प्रणाली में आमूलचूल परिवर्तन ला देगा। आयुक्त भू-अभिलेख श्री एम सेलवेन्द्रम ने साफ्टवेयर में किये जा रहे सुधारों के बारे में जानकारी दी।