Loading...
अभी-अभी:

हाईवे किनारे मिला महिला का शव, पति पर हत्या का शक

image

Oct 30, 2017

ग्वालियर : पुलिस ने हाईवे किनारे एक महिला का शव बरामद किया है। महिला का उसकी ही साड़ी से कसकर गला घोंटा गया है। शव मिलने के ठीक एक दिन पहले ही महिला का पति उसे मायके से विदा कराकर ससुराल ले जाने का कहकर निकला था। घटना के बाद से पति गायब है।

महाराजपुरा थाना क्षेत्र में स्थित बेहटा पुलिस चौकी के पास हाईवे पर एक महिला के शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर साड़ी पहने हुए एक महिला का शव पडा हुआ था। जिसका गला उसकी ही साडी के पल्लू से कसा हुआ था।

इसके अलावा महिला के पास ही एक स्टील का लोटा, मोबाइल, बैटरी, दो सिम व कवर अलग-अलग पड़े हुए थे। कुछ देर प्रयास के बाद महिला की शिनाख्त घटना स्थल से महज 3 किलोमीटर दूर गुठीना का पुरा निवासी 25 वर्षीय सरिता पाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता मोहर सिंह ने बेटी की हत्या का आरोप दामाद सियाराम पाल पर लगाया है।

मायके पक्ष के आरोप से साफ है कि सरिता और उसके पति के बीच पटती नहीं थी। दोनों एक दूसरे के साथ नहीं रहना चाहते थे, पर इसके बाद भी 5 दिन पहले अहमदाबाद से लौटकर पति ने उसे कॉल किया और अपने साथ ले गया। इसके बाद उसका शव मिलना पति को संदेह के घेरे में लाता है। उसकी तलाश जारी है।

पुलिस का मानना है कि मौके पर मिले महिला के मोबाइल के रिकॉर्ड न केवल हत्या की गुत्थी सुलझेगी बल्कि कई राज भी खुल सकते हैं। महिला की पिछले 24 घंटे में किन-किन लोगों से बात हुई, किन लोगों से कितने बार बात हुई और पिछले 24 घंटे में कहां रही थी इसकी जांच पुलिस कर रही हैं।