Loading...
अभी-अभी:

अटल जी से जो भी मिलता वह उनका हो जाता : सीएम शिवराज

image

Aug 23, 2018

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अटलजी का व्यक्तित्व अद्भुत था। उनसे जो भी मिलता था, वह उनका हो जाता था। उनकी कमी हमें हमेशा खलेगी। मुख्यमंत्री ने आज ग्वालियर में फूलबाग मैदान में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की श्रद्धांजलि सभा में यह बात कही।

उनके जाने से करोड़ों लोगों के हृदय सूने हो गए 
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से ग्वालियर का नाम पूरे विश्व में आलोकित किया। स्व. अटलजी के जाने से न केवल ग्वालियर, प्रदेश, देश बल्कि करोड़ों लोगों के हृदय सूने हो गए हैं। स्व. अटल जी ने सम्पूर्ण जीवन देश सेवा में समर्पित करते हुए देशवासियों के हृदय पर राज किया। मुख्यमंत्री ने अटल जी के व्यक्तित्व के अनूठे तत्वों का उल्लेख करते हुए कहा है कि वे हमेशा छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते थे। वे स्नेह से भरे हुए थे। उन्होंने पूरी दुनिया में हिंदी का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी अपने भाग्य पर गर्व करेगी कि अटल जी को देखा था। अटलजी जैसा बनने का प्रयास करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अटलजी का सम्पूर्ण जीवन देश के लिये समर्पित रहा
केन्द्रीय पँचायती राज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मैं भाग्यशाली हूँ कि मुझे स्व. अटलजी का सानिध्य प्राप्त हुआ। अटलजी का व्यक्तित्व अपने आप में एक विचार था। तोमर ने कहा कि अटल जी के अपनत्व के कारण जो भी उनसे मिलता था, उनका हो जाता था। स्व. अटल जी के भाषण सुनकर ही अनेक लोग उनके साथ और उनके विचार पर कार्य करने के लिये तैयार हुए। उन्होंने कहा कि स्व. अटलजी का सम्पूर्ण जीवन देश के लिये समर्पित रहा।

राजनीति की सीमाओं से हटकर लोगों के दिलों में बनाया अपना स्थान 
प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने कहा कि स्व. अटल जी ने राजनीति की सीमाओं से हटकर लोगों के दिलों में अपना स्थान बनाया। वे मध्यप्रदेश के लाल थे। इसका हमें गर्व है। वे व्यक्ति नहीं एक विचार थे। उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि स्व. अटल जी एक व्यक्ति न होकर एक हस्ती थे और उनकी हस्ती को कभी मिटाया नहीं जा सकता। हमें गर्व है कि स्व. अटल जी ग्वालियर के सपूत थे। उनके कारण ही विश्व भर में ग्वालियर की पहचान स्थापित हो सकी। स्व.  अटल जी ने देश पर नहीं लोगों के दिलों पर राज किया। स्व. अटलजी द्वारा बताए हुए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।