Loading...
अभी-अभी:

देवासः दहेज को लेकर अब जज भी आरोप के घेरे में, पत्नी ने जज पति के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

image

Oct 4, 2019

दहेज़ को लेकर महिलाओं से मारपीट के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे है। एक तरफ जहां लोग न्यायालय में इन्साफ मांगने जाता है, वहीं अब जज की पत्नी ने जज के खिलाफ दहेज़ प्रताड़ना की शिकायत दर्ज करवाई है। खातेगांव में पदस्थ जेएमएफसी (जज) अमित मालवीया पर पत्नी प्रियंका सातनकर ने दहेज प्रताड़ना का प्रकरण दर्ज कराया है। खातेगांव के बैंक ऑफ बड़ौदा में असिस्टेंट मैनेजर प्रियंका ने पुलिस से की गई शिकायत में आरोप लगाया है कि जज पति और उनके परिजन ने खातेगांव स्थित सरकारी निवास पर मारपीट की। बाल पकड़कर घसीटा और लात से मुंह पर मारा। रात को बड़ी मुश्किल से वे पिछले गेट से निकल कर वहां से भागी। पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ धारा 498-ए, 294, 323, 506 में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में जज का पक्ष जानने के लिए उन्हें कई बार फोन लगाए गए, लेकिन जज से संपर्क नहीं हो पाया। बेटी के साथ मारपीट की जानकारी लगते ही प्रियंका के माता-पिता भी खातेगांव पहुंचे।

शादी के बाद से ही लगातार हो रहे प्रियंका के साथ वाद-विवाद

पीडब्ल्यूडी विभाग रायसेन में संभागीय लेखाधिकारी प्रियंका के पिता राम सातनकर ने बताया कि मई 2018 में बैतूल में प्रियंका और अमित की शादी हुई थी। तब अमित पांढुर्ना में पदस्थ थे। शादी के बाद से ही लगातार प्रियंका के साथ वाद-विवाद होते रहे। दहेज के लिए कोसा जाता रहा। इसके लिए परिवार वाले अमित को समझाते भी रहे। खातेगांव पोस्टिंग के बाद भी करीब 3 हफ्ते के लिए प्रियंका किराए का रूम लेकर रही। फिर अमित के मनाने पर साथ रहने लगी। 2 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से विवाद फिर शुरू हुआ।

मेडिकल जांच में पत्नी के शरीर पर मिले चोट के निशान

अमित ने बेटी को लात-घूंसों से पीटा। इससे मुंह, गाल पर चोट आई। हाथ मोड़ने से हाथ पर सूजन आ गई। पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल जांच में भी चोट के निशान आए हैं। प्रियंका रात में एक होटल में रुकी। प्रियंका के माता-पिता का कहना है वे शीघ्र ही उच्च न्यायालय में जाकर यह अपील करेंगे कि यह प्रकरण खातेगांव में न चलाया जाकर, किसी अन्य कोर्ट में चलाया जाए। साथ ही जब तक इस मामले की पूरी जांच न हो जाए, तब तक अमित को न्यायिक प्रक्रिया से दूर रखा जाए। चूंकि प्रियंका यहीं कार्यरत हैं इसलिए उसे पुलिस सुरक्षा मिले।