Loading...
अभी-अभी:

समोसे वाली चाची के उकसाने पर स्वास्थ्य कर्मियों पर किया गया था हमला

image

Apr 4, 2020

इंदौरः मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वास्थ्य कर्मियों पर हमले के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने कई खुलासे किए हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया उन्होंने किसके उकसाने पर स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला किया। इसके साथ ही इंदौर पुलिस पथराव के वीडियो को देखकर उन महिलाओं की भी पहचान कर रही है जो इस भीड़ में शामिल थीं। स्थानीय मीडिया मुताबिक के गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के सामने खुलासा किया है कि डॉक्टरों के मोहल्ले में आने के बाद समोसे वाली चाची का शोर सुना और उन्होंने ही लोगों को उकसाया।

पुलिस ने सभी आरोपियों को भेजा जेल

पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। इसके साथ ही 10 अन्य लोगों की शिनाख्त हुई है। आरोपियों ने पुलिस से कहा है कि चाची ने हम लोगों के बीच में गलतफहमियां पैदा कर उकसाया। उनके उकसाने के बाद ही हम लोगों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला किया और पत्थरबाजी की। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस अब समोसे वाली चाची की तलाश भी कर रही है। आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया है कि डॉक्टरों की टीम मुबारिक की मां (जिन्हें मोहल्ले के लोग समोसे वाली चाची कहते हैं) के घर में स्क्रीनिंग कर रही थी। उन्होंने शोर करने के साथ ही डॉक्टरों के धमकाया भी था।

पत्थरबाजों में हिस्ट्रीशीटर बदमाश भी

हमले में शामिल चार लोगों पर पुलिस ने रासुका लगाया है। चारों को रीवा जेल में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हमले में शामिल कुछ लोग हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं। इसमें मज्जू पूर्व में भी सांप्रदायिक दंगे, हत्या, हथियारों की खरीद-फरोख्त और पुलिस पर गोली चलाने का आरोपी है। पुलिस ने कहा है कि इस षडयंत्र में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें भी जांच के बाद आरोपी बनाया जाएगा। गौरतलब है कि इंदौर में कोरोना मरीजों की संख्या 112 पहुंच गई है। इंदौर में शुक्रवार को भी 23 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पहले से भर्ती 15 मरीजों की स्थिति में सुधार हो रही है।