Loading...
अभी-अभी:

वैश्विक निवेश के लिए मध्यप्रदेश में बेहतर वातावरण और अनुकूल नीतियाँ : मुख्यमंत्री कमल नाथ

image

Jan 21, 2020

भोपाल : मुख्यमंत्री कमल नाथ वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भाग लेने आज दावोस पहुँचे। कमलनाथ अपनी चार दिवसीय यात्रा के दौरान बैठक में हिस्सा लेने के साथ ही मध्यप्रदेश में निवेश के सिलसिले में शीर्ष उद्योगपतियों से मिलेंगे। कमल नाथ ने दावोस पहुँचते ही उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा के दौरान प्रदेश में निवेश-मित्र नीतियों की जानकारी देते हुए कहा कि वैश्विक निवेश के लिए मध्यप्रदेश में बेहतर वातावरण है और अनुकूल नीतियाँ बनाई गई हैं। कमल नाथ ने आज दोपहर में दावोस पहुँचते ही शीर्ष उद्योगपतियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दावोस के बाइलेटरल 1.4 के कांग्रेस सेंटर में एमकेएस कंपनी के चेयरमेन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मारवान शकरची से मुलाकात की। 

वैश्विक स्वास्थ्य सेवा कंपनी 
मुख्यमंत्री कमल नाथ की मुलाकात नोवो नॉर्डिस्क के अध्यक्ष एवं सीईओ लार्स फ्रुअरगार्ड जोर्गेनसेन से हुई। नोवो नॉर्डिस्क दवा उत्पादों में विशेषज्ञता वाली वैश्विक स्वास्थ्य सेवा कंपनी है। कंपनी का मुख्यालय डेनमार्क में है जिसकी इकाईयाँ 79 देशों में स्थापित हैं। कंपनी 170 से अधिक देशों में अपने उत्पादों का वितरण करती है। मुख्यमंत्री ने जोर्गेनसेन को मध्यप्रदेश में फार्मा यूनिट के क्षेत्र में बेहतर संभावनाओं के संबंध में जानकारी दी। कमल नाथ ने कहा कि भारत के केन्द्र में स्थित होने के कारण फार्मा यूनिट के लिए प्रदेश की स्थिति आदर्श है। केन्द्र में होने के कारण देश की 50 प्रतिशत जनसंख्या सड़क एवं अन्य आवागमन के साधनों के माध्यम से मध्यप्रदेश से जुड़ती है।

रात्रि-भोज में शामिल हुए कमलनाथ
महिंद्रा ग्रुप के प्रबंध संचालक पवन गोयनका ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। रात्रि में श्री नाथ की भेंट बजाज ग्रुप के राहुल बजाज एवं संजीव बजाज से हुई। मुख्यमंत्री नाथ ने 2019 में मध्यप्रदेश में औद्योगीकरण में तेजी लाने केलिए नीतियों में किए गए सुधारों और निवेश-मित्र फैसलों के संबंध में उद्योगपतियों से चर्चा की। कमल नाथ सीआईआई, डब्ल्यूएसजे पीएमआई द्वारा आयोजित रात्रि-भोज में भी शामिल हुए।

उच्च स्तरीय प्रतिनिधि-मंडल भी ले रहा भाग 
मुख्यमंत्री की चार दिवसीय दावोस यात्रा में मुख्य सचिव एस.आर. मोहन्ती के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि-मंडल भी भाग ले रहा है। इसमें अपर मुख्य सचिव ऊर्जा विभाग मोहम्मद सुलेमान, प्रमुख सचिव उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन डॉ. राजेश राजोरा, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री अशोक बर्णवाल, सचिव पर्यटन विभाग फैज़ अहमद किदवई, प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश उद्योग विकास निगम विवेक पोरवाल शामिल हैं।