Loading...
अभी-अभी:

सीएम चौहान ने जनता तक पहुंचाई दिल से दिल तक की बात!

image

Feb 12, 2018

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रविवार को प्रसारित कार्यक्रम दिल से में जनता को प्रदेश के विकास और नव-निर्माण में सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिये अनुकरणीय व्यक्तित्व, पवित्र पर्व और योजनाओं तथा कार्यक्रमों की भावनाओं एवं उद्देश्य को स्पष्ट करते हुये प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने प्रेरणादायी व्यक्तियों का जिक्र करते हुये जीवन मूल्यों को स्पष्ट किया। 

गरीब कल्याण के कार्य
मुख्यमंत्री ने गरीब कल्याण कार्यों का विवरण देते हुये बताया कि इस वर्ष 15 लाख पक्के मकान दिये जायेंगे। दीनदयाल रसोई में भरपेट भोजन की व्यवस्था की गई है। उज्जवला योजना, गैस कनेक्शन देकर गरीब की रसोई को धुंआ मुक्त किया है। 

वनवासी कल्याण के कार्य

उमरिया में महुआ के फूल बीनने वाली बहनों के साथ चर्चा की घटना का जिक्र करते हुये बताया कि उनके लिये चरण पादुका योजना लागू की गई है जिसमें जूते-चप्पल, पीने के पानी की कुप्पी और बहनों को साड़ी देने का कार्य अगले माह से शुरु हो जायेगा। वन उपज का उचित मूल्य दिलवाने के लिये उनका मूल्य निर्धारित किया गया है। तेदूंपत्ता संग्राहकों का उचित मजदूरी की व्यवस्थाएं भी की है।

बच्चे परीक्षा में तनावमुक्त होकर शामिल हों
मुख्यमंत्री ने परीक्षा के दृष्टिगत बच्चों से बिना तनाव लिये परीक्षा में भाग लेने की बात कही। प्रेरणा संवाद का उल्लेख करते हुये कहा कि लक्ष्य तय कर परिश्रम करें। हड़बड़ाने और गड़बड़ाने की जरूरत नहीं है। आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने परीक्षा के लिये शुभकामनाएं देते हुये कहा कि परिणामों में ऊंच-नीच होने पर हताश नहीं हों।

महाशिवरात्रि की दी बधाई

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि पर्व के माध्यम से दूसरों के लिये कष्ट सहन करने का संदेश भगवान शिव ने दिया है। सबको समान मानने, सबसे प्रेम करने की बात इस संदेश में समाहित है।

किसान कल्याण
मुख्यमंत्री ने प्रदेश को लगातार 5 वर्षों से कृषि कर्मण पुरस्कार मिलने का श्रेय किसानों को दिया। श्री चौहान ने बताया कि आज प्रदेश के अन्न भंडार भरे हैं। सिंचाई का रकबा 7.5 लाख हेक्टर से बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गया है। बम्पर उत्पादन का उल्लेख करते हुये कहा कि बम्पर उत्पादन से भी किसान संकट मे आ जाता है क्योंकि फसलों की कीमत गिर जाती है। ऐसे समय में उनकी मदद के लिये सरकार ने भावांतर योजना लागू की है धान की खरीदी की है। शीघ्र ही समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी भ्री शुरु की जायेगी। 

स्वच्छता का संकल्प दिलाया
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करने में प्रदेश की प्रतिबद्धता के साथ बताया कि विगत स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश ने चमत्कार किया था। देश के 100 नगरों में मध्यप्रदेश के 22 नगर थे। इन्दौर और भोपाल प्रथम तथा द्वितीय स्थान पर थे। उन्होंने इस उपलब्धि के लिये नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि जनता के प्रयासों से ही यह संभव हुआ है।

एकात्म यात्राएं

श्री चौहान ने कहा कि एकात्म यात्राओं को प्रदेश में अद्भुत जनसमर्थन मिला है। सामाजिक समरसता का संदेश आदिगुरु शंकराचार्य ने दिया है। उन्होंने बताया है कि मनुष्य मात्र में नहीं पशु-पक्षी, नदी-पहाड़ों, गृह-नक्षत्रों में एक ही चेतना निवास करती है। इसलिये सब एक हैं। उनके नाम पर अद्वैत वेदांत संस्थान बनाया जायेगा। ओकारेश्वर में ओंकार पर्वत पर 108 फीट की आदि गुरु भगवान शंकराचार्य की प्रतिमा लगाई जाएगी।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

श्री चौहान ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं ने अनेक क्षेत्रों में चमत्कार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में बराबरी का स्थान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की क्षमताओं का भरपूर उपयोग किया जाएगा।

कैंसर दिवस

कैंसर दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जानलेवा कैंसर का कारण गलत खान-पान, अनियमित जिन्दगी, ध्रूमपान जैसी बुराई तम्बाकू जैसी चीजें है। श्री चौहान ने प्रदेशवासियों को तंबाकू जैसे नशे को समाप्त कर प्रदेश को कैंसर मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

नर्मदा जंयती

नर्मदा जयंती मनाकर पर्यावरण और नदियों को बचाने का संकल्प दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा, ताप्ती, शिप्रा, बेतवा, केन आदि सभी पवित्र नदियाँ भारतीय सभ्यता का प्रवाह है। इन्हें स्वच्छ रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ रखने का अभियान पूरे प्रदेश में निरंतर चलता रहेगा।


मु्ख्यमंत्री से नागरिकों ने किया संवाद 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मायगांव एप पर सुझाव देने वालों से चर्चा की। मुख्यमंत्री को रमाकांत ने प्रदेश की प्रगति के लिये हो रहे कार्यों को कमाल का प्रदर्शन बताते हुए कहा कि पूर्ण विकसित राज्य बनने के लिये प्रदेश तेजी से अग्रसर है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक ग्राम में एक खेल का मैदान हो। माइक्रो बैंकिंग के तहत एक हजार से एक लाख रूपये तक का कर्जा देने की व्यवस्था हो। यह प्रयास गरीबी को पूर्णता: दूर कर देगा।

सुरेन्द्र कुमार पटेल ने भावांतर भुगतान योजना के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्ता किया। भावांतर में रबी फसल पंजीयन कब से होगा, इसकी जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार किसान को लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा दिलाने के लिये संकल्पित है। 

अजय सिंह ने 10 लाख से 1 करोड़ रूपये ऋण की योजना की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिये बताया कि युवा उद्यमी योजना में 10 लाख से दो करोड़ रुपये तक का लोन बैंक से दिलवाने जिसकी गारंटी सरकार लेगी। कर्ज में ब्याज और सब्सिडी में भी राहत मिलेगी।