Mar 27, 2019
अज़हर शेख- दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौटते समय कार का टायर फटने से कार पलटी खा गई। जहां कार में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। मौके से मृतक युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए एमवाई अस्पताल भिजवाया दिया है।
दो साथियों के साथ अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रहा था मृतक
घटना इंदौर के समीप किशन गंज थाना क्षेत्र के बाईपास की है, जहां इंदौर के विजय नगर में रहने वाला करण नैय्यर अपने दो साथियों के साथ जानापाव अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी मनाने गया था। वहां पार्टी से लौटते समय अचानक कार का टायर फटने से कार असंतुलित होकर पलटी खा गई। जिसमें करण नैय्यर की मौत हो गई, जबकि कार में सवार बाकी के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि मृतक बीकॉम सैकंड ईयर का छात्र था और दो साथियों के साथ मंगलवार को जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।