Oct 21, 2016
इंदौर। मप्र विधानसभा नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के आकस्मिक निधन के बाद पूरे मध्यप्रदेश में शोक की लहर है। प्रदेश के सभी राजनीतिक पार्टी ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी ट्वीट के जरिए श्रृद्धांजलि अर्पित की। लेकिन उन्होंने कांग्रेस नेता की मौत को विधानसभा के वास्तु दोष से जोड़ दिया। इस ट्वीट के सामने आने के बाद भाजपा के अन्य नेताओं ने कैलाश विजयवर्गीय के इस विचार से असहमति जाहिर की। मध्यप्रदेश विधानसभा बनने के बाद से अब तक 30 विधायकों का असामयिक निधन हो चुका है। जिस वजह से आज तक सदन में कभी भी सदस्यों की पूरी संख्या बनी नहीं रही।
दरअसल, विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा था, 'आज सत्यदेव कटारे भी हमारे बीच नहीं रहे। संसदीय नियमों के जानकार श्री कटारे को विनम्र श्रद्धांजलि। नए विधानसभा भवन में विधानसभा लगने के बाद से विधायकों का दु:खद निधन जारी है। यह केवल संयोग है, वास्तुदोष है या कुछ और...???'
गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने भी विजयवर्गीय के ट्वीट से असहमती जताई है। उन्होंने कहा कि मैं कैलाश विजयवर्गीय के ट्वीट से सहमत नहीं हूं। नई विधानसभा से एमपी में कई विकास कार्यों को किया गया। जीना मरना ईश्वर के हाथ में है।








