Loading...
अभी-अभी:

इंदौरः सेवा न करना पड़े इसलिए बहू ने सास को रास्ते पर छोड़ा

image

Mar 26, 2019

अज़हर शेख- समय के साथ ही बहुत कुछ बदलने लगता है। फिर चाहे वो मौसम हो, आदत हो या अपने लोग। वक्त सही न हो तो अपने भी बेगाने हो जाते हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण रंगपंचमी के त्यौहार पर इंदौर में देखने को मिला। हीरानगर पुलिस को सड़क पर मिली एक वृद्ध विकलांग महिला जो असहाय बैठी हुई थी। उस वृद्ध महिला को उसकी बहू ही सड़क पर छोड़ कर चली गई थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने वृद्ध महिला के परिवार को ढूंढा और हिदायत देकर वृद्ध महिला को उनके हवाले किया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा वृद्धा को छोड़ कर जाने का नजारा

मामला हीरानगर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि सुखलिया क्षेत्र में एक वृद्ध विकलांग महिला सड़क के किनारे पड़ी हुई हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उक्त स्थान पर पहुंची और उस महिला को थाने लाकर पहले तो खाना खिलाया और फिर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस को एक सीसीटीवी वीडियो भी हाथ लगा जिसमें यह दिखाई दे रहा था कि महिला को उसकी बहू ही सड़क पर छोड़कर जा रही है। जिसके बाद पुलिस ने उस महिला की तलाश कर वृद्ध महिला को उसके हवाले किया। पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी और वृद्ध महिला की सेवा ना करना पड़े इसके चलते उसकी बहू सास को सड़क पर ही छोड़ कर चली गई थी। फिलहाल पुलिस ने हिदायत देकर महिला को परिवार के हवाले कर दिया है।