Loading...
अभी-अभी:

सिंधिया ने किया कार्यकर्ताओं को कॉल, कहा चुनाव की तैयारियों में जुटें

image

Apr 28, 2020

भोपाल: एक तरफ देश कोरोना वायरस के संकट से बचने के प्रयास में लगा है, तो दूसरी ओर मध्य प्रदेश में नेताओं को चुनाव की चिंता है। ऐसा भाजपा में शामिल हुए नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के फोन कॉल से पता चलता है। दरअसल, सिंधिया कार्यकर्ताओं को फोन करके चुनाव की याद दिला रहे हैं और इसकी तैयारियों में जुट जाने को कह रहे हैं। उनकी इस चुनावी चिंता से सियासत गरमा गयी है। दरअसल, मध्य प्रदेश में छह महीने के भीतर विधायकों की खाली सीट पर उपचुनाव होने हैं। ऐसे में सिंधिया ने अपने समर्थकों की चुनाव में जीत की जिम्मेदारी उठाई है। इसी कड़ी में उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को फोन कर चुनाव की याद दिलाई। सिंधिया ने फोन में उनसे कहा कि उपचुनाव की तैयारी में जुट जाएं।

सिंधिया की कॉल पर कांग्रेसी मचा रहे बवाल

कांग्रेस के बागी नेता सिंधिया ने मध्य प्रदेश में सांवेर के एक कार्यकर्ता सुधीर को कॉल की। सिंधिया ने कहा, ‘उपचुनावों के लिए अच्छे से तैयारी करना। घर में भी सबसे बता देना कि मैंने फोन किया था।’ बता दें कि सांवेर सीट से सिंधिया के समर्थक तुलसी सिलावट विधायक थे। सिंधिया के साथ सिलावट ने भी कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद विधायक पद छोड़ दिया था। जिसके बाद भाजपा में शामिल हो गए। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें कैबिनेट में जगह दे दी। अब मंत्री बनने के बाद चुनाव जीतना अहम हो गया है। वहीं इस संकट के समय में सिंधिया की चुनावी तैयारी को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की ओर से कहा गया, ‘ये समय महामारी से निपटने का है, लेकिन सिंधिया लोगों को फोन कर चुनाव की तैयारियॉ करवा रहे हैं। ऐसे माहौल में राजनीति करना ठीक नहीं है। इससे पता चलता है कि सिंधिया कैसे जनसेवक हैं।’