Loading...
अभी-अभी:

जबलपुरः नगर निगम के अधिकारियों से नाराज हुये प्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोत

image

Jun 27, 2019

अरविंद दुबे- लगता है प्रदेश के नगर निगम अधिकारियों का समय ठीक नही चला रहा है। बीते दिनों इंदौर नगर निगम के अधिकारी स्थानीय विधायक आकाश विजयवर्गीय के गुस्से का शिकार हुए तो गुरूवार को जबलपुर नगर निगम के उप आयुक्त को प्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोत के गुस्से का शिकार होना पडा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन ने मदन महल की पहाडियों पर अवैध अतिक्रमण करने वालों को विस्थापित कर तिलहरी क्षेत्र में बसाया था लेकिन नगर निगम के द्वारा उन्हें पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं नही दी गयी थी। कड़ी धूप में उन्हें पालीथिन के सहारे दिन गुजारना पड़ रहा है ऐसे में सात लोगो की मौत भी हो चुकी है। चूंकि यह वित्त मंत्री के विधानसभा क्षेत्र का मामला है इस वजह से वित्त मंत्री ने कई बार नगर निगम के अधिकारियों से इन विस्थापितों को मूल भूत सुविधाएं देने के लिए कहा था, लेकिन निगम के अधिकारियों के द्वारा वित्त मंत्री के आदेश का भी पालन नहीं किया जा रहा था। जिससे विस्थापित बेहद नाराज हैं।

जनता के लिए काम करें, अन्यथा अपनी-अपनी खाटों का इंतजाम कर लें

सभी विस्थापित गुरूवार को कलेक्टर कार्यालय में वित्त मंत्री तरुण भनोत से अपनी व्यथा बता रहे थे। इस दौरान नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। वित्त मंत्री के सामने जैसे ही विस्थापितों ने अपनी परेशानी बतायी, तब वित्त मंत्री ने नगर निगम के उप आयुक्त गजेंद्र सिंह नागेश से जवाब माँगा, लेकिन वे कोई जवाब नहीं दे पाए। ऐसे में गुस्से में भड़कते हुए वित्त मंत्री ने पहले तो निगम उपायुक्त गजेन्द्र सिंह नागेश को जम कर फटकार लगायी। इसके बाद कहा कि यदि अभी भी विस्थापितों को पानी और बिजली जैसी जरूरी सुविधाए नहीं दी गयी, तो वे खुद विस्थापितों के साथ खाट बिछा कर बैठ जायेंगे। साथ ही उन्होंने अन्य अधिकारियों से कहा कि वे जनता के लिए काम करें, अन्यथा अपनी-अपनी खाटों का इंतजाम कर लें। वित्त मंत्री की इस धमकी से पूरे सभा कक्ष में सन्नाटा छा गया इसके बाद वित्त मंत्री बैठक से उठ कर चले गए।