Apr 8, 2025
रेलवे सुरक्षा बल की महिला जवानों को मिलेगा मिर्च स्प्रे, सुरक्षा होगी और मजबूत
भारतीय रेलवे ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की महिला जवानों को मिर्च स्प्रे से लैस करने का फैसला किया है। यह गैर-घातक लेकिन प्रभावी उपकरण उन्हें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देने में मदद करेगा। खासकर अकेली यात्रा कर रहीं या बच्चों के साथ सफर कर रही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
महिला यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सीनियर डीसीएम सौरभ जैन के मुताबिक, रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक ने कहा कि महिला यात्रियों के सफर को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए लगातार कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमारी महिला आरपीएफ कर्मी न सिर्फ सुरक्षा का बल्कि शक्ति, देखभाल और लचीलेपन का भी प्रतीक हैं। मिर्च स्प्रे से लैस कर हम उनके आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को और बढ़ा रहे हैं, जिससे महिला यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।"
‘मेरी सहेली’ टीम की अहम भूमिका
आरपीएफ में महिलाओं की संख्या केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सबसे ज्यादा 9% है। इनमें से कई महिला कर्मी ‘मेरी सहेली’ टीम का हिस्सा हैं, जो महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करती हैं। वर्तमान में 250 से अधिक ‘मेरी सहेली’ टीमें प्रतिदिन करीब 12,900 महिला यात्रियों से संपर्क कर सुरक्षा और सहायता प्रदान कर रही हैं।
महिलाओं को ट्रेन में सुरक्षित रूप से जन्म देने में मदद
महिला आरपीएफ कर्मियों की भूमिका सुरक्षा से कहीं आगे तक है। वे अक्सर संकट में फंसी महिला यात्रियों की सहायता करती हैं, जिनमें ट्रेन यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती माताएं भी शामिल हैं। ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ के तहत, महिला आरपीएफ कर्मियों ने अकेले 2024 में 174 महिलाओं को ट्रेन में सुरक्षित रूप से जन्म देने में मदद की है। महाकुंभ जैसे प्रमुख आयोजनों के दौरान, आरपीएफ की महिला कर्मियों ने महिला तीर्थयात्रियों को तुरंत सहायता प्रदान की।