Loading...
अभी-अभी:

पुरूषों की तुलना में महिलाओं की जवाबदारी अधिक : राज्यपाल

image

Feb 14, 2018

भोपाल : हाल ही में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गरीब और शोषित वर्ग के कल्याण कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही यह भी ​कहा​​ कि केन्द्र सरकार ने गरीबों के लिए 12 रूपये की जीवन बीमा योजना शुरू की है। यदि हम अपने खर्च से 12 रूपये बचाकर गरीब के नाम से बीमा करा देंगे, तो बाद में उसे लगभग दो लाख रूपये का लाभ मिल सकता है। इसी के साथ आपको बता दें कि राज्यपाल ने यह बात सरोजिनी नायडू कन्या शासकीय महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह के दौरान कही।

इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किये। छात्राओं को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि वर्तमान परिवेश में महिलाओं को सशक्त बनना होगा और जागरूक रहकर आगे बढ़ना होगा। अपनी सुरक्षा स्वयं करने का बुलन्द इरादा ही विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास प्रदान करता है। आत्मविश्वास ही संघर्ष करने की शक्ति देता है। 

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा प्राप्त करना तो जरूरी है, परन्तु अवार्ड प्राप्त करना उससे भी ज्यादा मेहनत का काम है। इसलिए शिक्षा को अपनी दृष्टि से देखें और आपको क्या बनना है, आपको किस क्षेत्र में महारत हासिल है, उस मार्ग पर ही आगे बढ़ें। राज्यपाल पटेल ने कहा कि हमें अपने भीतर का डर खत्म करना है। महाविद्यालयों में छात्राओं को निडर होकर प्रवेश लेना चाहिए। आज महिलाएं जागरूक हो रही हैं । हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दिया है। हमारा कर्तव्य है कि हम बेटियों को बचाने के लिए आगे आयें। 

राज्यपाल पटेल ने कहा कि पुरूषों की तुलना में महिलाओं की जवाबदारी अधिक होती है, उन्हे घर-परिवार का ध्यान रखने के साथ बाहर का काम भी करना पड़ता है।इसी के साथ राज्यपाल ने एनसीसी और एनएसएस में भाग लेने वाली छात्राओं को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया।