Aug 18, 2022
भोपाल: फिल्म एक्टर गोविंदा 20 अगस्त को भोपाल आएंगे। वे यहां होने वाली मटकी फोड़ प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इसमें भोपाल समेत छह जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर यह आयोजन किया जा रहा है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं BJP जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने बताया कि उत्सव समिति हर साल मटकी फोड़ प्रतियोगिता करवाती है। पिछले 17 वर्षों से यह आयोजन चल रहा है। इस बार यह 20 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है। शाम 7 बजे भगत सिंह चौराहा करोंद में प्रतियोगिता होगी। इसमें फिल्म स्टार गोविंदा शामिल होंगे।
यहां से आएगीं टीमें
समिति अध्यक्ष पचौरी ने बताया, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विदिशा, शमशाबाद, होशंगाबाद, इटारसी, रायसेन, सीहोर, छिंदवाड़ा, भोपाल जिले की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
दो साल बाद हो रहा मटकी फोड़ कार्यक्रम
कोरोना के कारण बीते दो सालों से मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं हुआ था। इस बार कोरोना कम होने से जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा कालोनियों में भी रहवासी समितियां मटकी फोड़ का आयोजन करेंगी। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। शुक्रवार को भी जन्माष्टमी के मौके पर मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं के आयोजन होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
पांच लाख का इनाम
जन्माष्टमी के मौके पर मटकी फोड़ आयोजनों की धूम रहती है। राजधानी में भी जगह-जगह मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अटल पथ जवाहर चौक पर राजधानी की सबसे बड़ी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन 21 अगस्त को हो रहा है। इसमें पांच लाख रुपये का ईनाम रखा गया है। पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन करा रहे हैं। इससे पहले 20 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति की ओर से भगत सिंह चौराहा करोंद में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है। इसके अलावा कोलार, अवधपुरी सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छोटे-छोटे मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।