Loading...
अभी-अभी:

नोट बंद हुए तो बढ़ गई ऑनलाइन धोखाधड़ी

image

Nov 14, 2016

भोपाल। बड़े नोट बंद होने के बाद ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं। राजधानी के सायबर सेल और क्राइम ब्रांच के पास बीते दो दिन में ऐसी शिकायतें बढ़ गई हैं। अब तक करीब दर्जनभर शिकायतकर्ता पुलिस को सूचना दे चुके हैं। आरोपी इतने शातिर हैं कि इंटरनेट से लोगों के मोबाइल नंबर, घर का पता, उनके व्यवसाय और बैंक खातों की जानकारी निकाल लेते हैं। फिर आरबीआई या बैंक अधिकारी बनकर फोन पर एटीएम कार्ड की जानकारी हासिल करते हैं। बाद में उनके खाते से ऑनलाइन खरीदी कर वारदात को अंजाम देते हैं। सायबर सेल अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के निशाने पर पहले मुख्यत: महिलाएं और रिटायर्ड अधिकारी रहते थे, लेकिन अब लोगों में असुरक्षा का भाव होने का फायदा उठाकर सभी को कॉल कर रहे हैं। एटीएम कार्ड एक्सपायरी और खाता सील होने का डर दिखाकर उनसे जानकारी हासिल कर रहे हैं। डीआईजी डॉ. रमन सिंह सिरकवार का कहना है कि किसी को भी फोन बैंक और खाते संबंधी कोई जानकारी न दें। ऐसे कॉल की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

ऑफिस टाइम में करते हैं फोन

मुख्य रूप से दिल्ली से संचालित हो रहे यह गिरोह ऑफिस टाइम में फोन करते हैं। इससे लोगों को उनकी बातों पर जल्दी विश्वास हो जाता है। इसके अलावा उनकी बात करने का लहजा ऐसा रहता है कि आम आदमी जल्दी उनकी बातों में फंस जाता है। वह पीड़ित को उनकी कुछ निजी जानकारियां भी बतातें हैं, जिससे उन पर किसी को शक नहीं होता।

आरबीआई और बैंक नहीं करते ग्राहक से फोन पर संपर्क

आरबीआई और बैंक अपने ग्राहकों से इस तरह फोन पर संपर्क नहीं करते हैं। ऐसे में अगर कोई बैंक का अधिकारी बनकर आपको कॉल करता है तो वह जालसाज है। उनसे बचने के लिए आप उनके किसी भी सवाल का न तो जवाब दें और न ही कोई जानकारी दें। ऐसे कॉल आने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

यह रखे सावधानियां

- बैंक के जो भी काम हों, वह बैंक जाकर ही करें। कोई भी लेनदेन फोन पर न करें।

- अपने आईडी फ्रूक के कागजात किसी को भी न दें।

- फोन पर और ऑनलाइन बैंक खातों की जानकारी न दें।

- आपके खाते से किसी भी बड़ी रकम या कई हिस्सों में रुपए दूसरे खातों में जाने की जानकारी आपको फोन करके बैंक दे, ऐसा सुनिश्चित करें।

यहां कर सकते हैं शिकायत

एसपी साउथ: 0755-2443800

एसपी नॉर्थ: 0755-2677377

क्राइम ब्रांच: 0755-2443212

पुलिस कंट्रोल रूम: 0755-2555922, 2555933

2677406

(इसके अलावा डिपो चौराहा, भदभदा स्थित सायबर सेल थाने में भी शिकायत की जा सकती है)