Jan 13, 2017
भोपाल। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की वजह से मध्य प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है. राज्य में दमोह सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस के साथ शून्य के करीब दर्ज किया गया. वहीं, राजधानी में पारा रिकॉर्ड तोड़ते हुए 4 डिग्री तक पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 6.3 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 4.0 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में सबसे ठंडा दमोह रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां ठंड से बचने के लिए जगह-जगह अलाव जलाना पड़ रहा है. वहीं गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 19.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 19.3 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में चंबल, ग्वालियर, भोपाल, सागर, रीवा संभाग में शीतलहर का असर बढ़ने का अनुमान जताया है. वहीं कई स्थानों पर कोहरा छाने की संभावना है।