Loading...
अभी-अभी:

भोपाल की मतदाता सूची में अभी तक नहीं जुड़ पाया दिग्विजय सिंह का नाम

image

Jul 8, 2019

मालेगांव बम धमाकों की आरोपी एवं भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से भोपाल लोकसभा सीट से करारी हार मिलने के डेढ़ महीने बाद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने रविवार को कहा कि वह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार काम करते रहेंगे।

उन्होंने यहाँ संवाददाताओं से कहा, मैंने अब राजगढ़ जिले के राघौगढ़ से मतदाता सूची से अपना नाम भोपाल में डालने का निर्णय ले लिया है। इसके लिए मैंने प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सिंह ने कहा, इस साल अप्रैल-मई में हुए लोकसभा चुनाव से पहले भी मैंने भोपाल की मतदाता सूची में अपना नाम स्थानांतरित कराने की कोशिश की थी। लेकिन जब मैंने यह कोशिश की, तब बहुत देर हो चुकी थी। इसलिए मेरा नाम भोपाल की मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाया था।

इसके चलते सिंह स्वयं के लिए लोकसभा चुनाव में वोट नहीं दे पाये थे। वहीं, मतदान के दिन भोपाल में व्यस्त रहने के कारण न ही राजगढ़ में वोट देने जा सके थे। सिंह ने कहा कि भोपाल संसदीय क्षेत्र के लिए अप्रैल में उन्होंने विजन भोपाल के नाम से एक दस्तावेज जारी किया था, जिसमें उन्होंने भोपाल लोकसभा क्षेत्र को आने वाले समय में समृद्ध और समर्थ बनाने के लिए एक परिकल्पना की थी। इसके अलावा, उन्होंने भोपाल लोकसभा क्षेत्र को एक आधुनिक शहर बनाये जाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि उनके इस ‘विजन भोपाल’ की परिकल्पना के कई कार्यों पर कांग्रेस नीत मध्य प्रदेश सरकार ने निर्णय ले लिये हैं। प्रदेश सरकार ने उनकी परिकल्पना के अनुसार भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन’ घोषित करते हुए आगे की वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।