Loading...
अभी-अभी:

तीन मंजिला इमारत ढहने से अब तक 8 लोगों की मौत

image

Aug 31, 2017

मुंबई के डोंगरी इलाके में गुरुवार सुबह 117 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत ढह गई। बताया जा रहा है कि इमारत पुरी तरह से जर्जर हो चुकी थी। बारिश और जलभराव की समस्या के चलते यह हादसा हुआ। मामला दक्षिण मुंबई के डोंगरी क्षेत्र के जेजे फ्लाई ओवर के पास का है। तीन मंजिला इमारत गिरने से निचली मंजिल में सो रहे 8 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 22 लोग गंभीर रूप से घायल है। घायलों को स्थानीय जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मलबे में 35 लोगो और फंसे हो सकते है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।  

हादसे के बाद मिली जानकारी के मुताबिक बिल्डिंग को पुनःनिर्माण के लिए चुना गया था। जिसके लिए बिल्डिंग को खाली कराया जा रहा था, जिस वक्त बिल्डिंग गिरी उस वक्त ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे करीब 8 लोगों की मौत हुई। शिवसेना नेता नीलम गोरे ने कहा है कि इस इमारत को खतरनाक घोषित किया गया था। एनडीआरएफ टीम घटना स्थल पर राहत कार्य में जुटी है।

इस हफ्ते बारिश की वजह से 12 साल बाद मुंबई महानगरपालिका ने आपात अलर्ट जारी किया है। इससे पहले 26 जुलाई, 2005 को ऐसा किया गया था। मंगलवार के हालत देखकर मुंबई के लोगों को साल 2005 का वो दिन याद आ गया, जब 26 जुलाई को दोपहर दो बजे शुरू हुई बारिश अगले दिन 27 जुलाई को सुबह साढ़े आठ बजे तक हुई थी। तब मुंबई में 18 घंटे की बरसात में 944 मिलीमीटर पानी बरसा था और बारिश ने 409 लोगों की जान ले ली थी। पिछले कई दिनों से मुंबई में भारी बारिश जारी है। हालांकि, बुधवार रात से बारिश रुकने के बाद कई इलाकों में हालात सुधरे हैं। लेकिन अभी भी कई इलाकों में जलजमाव स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। बता दें कि मुबंई में लगातार भारी बारिश से पूरा शहर पानी-पानी हो गया था, शहर में हर जगह पानी भरा था। जो जहां था वहीं ठहर गया था, लेकिन गुरुवार सुबह होते-होते हालात सामान्य होने लगे थे। गुरुवार को सेंट्रल रेलवे लाइन की सभी लोकल ट्रेन की स्थिति सुचारू रूप से चल रही हैं।