Loading...
अभी-अभी:

कोलकाताः दो दिन पहले उठा चक्रवाती तूफान बुलबुल तीसरे दिन पड़ा कमजोर

image

Nov 11, 2019

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान बुलबुल शनिवार देर रात पश्चिम बंगाल के समुद्री तट से टकराया था। इससे पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलीं। इसमें अब तक सात लोगों की मौत की खबर है। जबकि 4.6 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। इसके अलावा ओडिशा में भी तूफान की वजह से दो लोगों की मौत हुई है। वहीं ताजा जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में नामखाना क्षेत्र में बुलबुल चक्रवात की चपेट में आने के बाद हटानिया दोनिया नदी में दो जेटी क्षतिग्रस्त हो गए। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण पूर्व बांग्लादेश और इससे सटे दक्षिण त्रिपुरा में सोमवार सुबह 05:30 बजे चक्रवात कुछ कमजोर पड़ गया। यह अगले छह घंटों के दौरान और भी कमजोर हो जाएगा।

पीएम नरेंद्र मोदी ने केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया

बता दें पश्चिम बंगाल के बाद 'बुलबुल' तूफान बांग्लादेश पहुंचा था। वहां तूफान ने जमकर तबाही मचाई था। तूफान की वजह से बांग्लादेश में 10 लोगों की जान गई। 21 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। हवाएं 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं। बंगाल में तूफान प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव टीमें भी मुस्तैद हैं। तूफान की विभीषिका को देखते हुए राज्य के तटवर्ती इलाकों में स्थित पर्यटन केंद्रों को शुक्रवार शाम तक पर्यटकों से खाली करा लिया गया था। ममता बनर्जी ने राहत और बचाव कार्य की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को कंट्रोल रूम का दौरा किया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने तूफान बुलबुल के मद्देनजर पश्चिम बंगाल की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत की। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।