Loading...
अभी-अभी:

फिर फिसली जीतन मांझी की जुबान, मसूद अजहर को बताया महान

image

May 3, 2019

आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को 'साहब' कहने को लेकर बिहार के पूर्व सीएम और 'हम' अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने अपनी सफाई पेश की है। मांझी ने कहा है कि ये उनका 'स्लिप ऑफ टंग' था, लेकिन सफाई देने के दौरान ही मांझी की जुबान एक बार फिर स्लिप हो गई। इस बार उन्होंने मसूद अजहर को महान आतंकवादी कह दिया। हालांकि इसके साथ ही मांझी ने गिरिराज सिंह और साध्वी प्रज्ञा को भी आतंकवादी बताया है। 

गिरिराज सिंह और साध्वी प्रज्ञा को भी कहा आतंकवादी

उल्लेखनीय है कि मांझी के इस नए बयान से फिर राजनीतिक बवाल मच गया है। अपने बयानों के लिए हमेशा चर्चाओं में रहने वाले जीतन राम मांझी एक दफा फिर अपने बयानों को लेकर ही चर्चाओं में आ गए हैं। गुरुवार को उन्होंने आतंकी मसूद अजहर पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंध लगने पर उसे साहब कहकर संबोधित किया था। शुक्रवार को उन्होंने अपने बयान पर पलटी मारते हुए इसे 'स्लिप ऑफ टंग' बता दिया। हालाँकि, अपनी सफाई के दौरान जीतन राम मांझी इस बार आंतकी मसूद अजहर को महान आतंकवादी बोल बैठे। मांझी को इस बात का जरा भी ध्यान नहीं रहा कि वो क्या कह रहे हैं। उनके कल के बयान पर मचे बवाल पर मांझी ने कहा है कि यह उनका एक छोटा सा 'स्लिप ऑफ टंग' था, जिस पर इतना बवाल मचा है। गिरिराज सिंह और साध्वी प्रज्ञा पर भाजपा क्यों नहीं कुछ कहती, जो आतंकवादी की तरह कार्य कर रहे हैं। साध्वी प्रज्ञा और गिरिराज सिंह लोगों में भाषाई आतंक फैला रहे हैं। भाजपा को इस पर भी उत्तर देना चाहिए।