Mar 17, 2020
बेंगलुरु: मध्य प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस के 22 बागी विधायकों ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में प्रेस वार्ता की। इस दौरान विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कभी हमें 15 मिनट के लिए भी नहीं सुना, तो अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर हमें किससे बात करनी चाहिए थी। कांग्रेस के बागी विधायक बिसाहूलाल ने सीएम कमलनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि कमलनाथ ने मध्य प्रदेश का नहीं, केवल छिंदवाड़ा का विकास किया है। सीएम पूरे राज्य का होता है, किन्तु कमल नाथ जी सिर्फ छिंदवाड़ा के सीएम बनकर रहे। यहां अलग-अलग विधायकों ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि आप हमसे खुले मन से सवाल कर सकते हैं। बंधक शब्द को हमसे अलग कर दीजिए। हम लोग मुक्त होकर घूम रहे हैं। हम कमल नाथ को भी यहां आने का आमंत्रण देते हैं।
बागी विधायकों ने कहा हम सभी कमलनाथ सरकार से हैं खफा
बागी विधायकों ने कहा कि हम सभी कमलनाथ सरकार से खफा हैं और हम सभी ने अपने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे समझ रह हैं कि हम डेढ़ वर्ष में कुछ नहीं कर पाए। सिंधिया कमलनाथ के नेतृत्व में जो मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी, इसके साथ ही एक वचन पत्र भी बना था। तब सिंधिया ने कहा था कि सड़क पर उतर जाएंगे। आज जितने भी विधायक आए हैं, वो स्वयं आए हैं। सरकार के पास हमारे लिए वक़्त नहीं है। हालांकि हम भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं। हम तय करेंगे कि आगे क्या करना है।