Loading...
अभी-अभी:

योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल की शाह करेंगे समीक्षा

image

Apr 21, 2018

गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली में भरी दोपहरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जड़ें सींचने के बाद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह देर शाम लखनऊ में योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभवानाओं को टटोलेंगे।

रायबरेली के संक्षिप्त दौरे के लिये शाह आज सुबह लखनऊ पहुंचे जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बाद में भाजपा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ हेलीकाप्टर से रायबरेली के लिये रवाना हो गये। 

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने के बाद भाजपा अध्यक्ष लखनऊ शाम तीन बजे तक लौट आयेंगे जहां वे तकरीबन चार घंटे रूक कर उत्तर प्रदेश सरकार के कुछ मंत्रियों के बीच जारी तनातनी का समाधान निकालने के साथ मंत्रिमंडल में फेरबदल की गुंजाईश के बारे में विचार विमर्श करेंगे। 

भाजपा को उम्मीद है कि शाह का दौरा रायबरेली और अमेठी में राजनीतिक समीकरण को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। शाह की जनसभा के दौरान रायबरेली की राजनीति में खासा दखल रखने वाले कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, अपने कांग्रेसी विधायक भाई राकेश सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।