Mar 17, 2020
नई दिल्ली: कोरोना वायरस ने पूरे देश में कोहराम मचाया हुआ है। पूरे देश में इस वायरस के कारण 3 लोगों की मौत हो चुकी है और इससे पीड़ितों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। अभी तक ये तादाद 137 थी, किन्तु अब इंडियन आर्मी का एक जवान भी कोरोना की गिरफ्त में आ गया है। सेना के सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि एक जवान कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। इस जवान के पिता 27 फरवरी को ईरान से भारत वापस आए थे। जवान की आयु 34 वर्ष है और वह लद्दाख में तैनात था। जवान के पिता को 29 फरवरी को क्वारेंटाइन में भेजा गया था और वह 6 मार्च को कोरोना से संक्रमित पाए गए थे।
पिता में पाया गया था संक्रमण
वहीं जवान 25 फरवरी से 01 मार्च तक छुट्टी पर था। जवान 2 मार्च को ड्यूटी पर वापस लौटा था। सूत्रों का कहना है कि क्वारेंटाइन के दौरान जवान ने अपने परिवार की सहायता की थी। जब जवान के पिता में संक्रमण का पता चला था तो जवान को भी 7 मार्च तक क्वारेंटाइन में रखा गया था। 16 मार्च को जवान के कोरोना से संक्रमित होने के बारे में पता चला। इसके बाद जवान को SNM हॉस्पिटल में आइसोलेट किया गया। फिलहाल एहतियात के तौर पर जवान की पत्नी और बहन को भी क्वारेंटाइन में भेज दिया गया है।