Loading...
अभी-अभी:

Krishna Janmashtami 2022: कृष्ण नगरी में श्रद्धालुओं का सैलाब, जानिए जन्माष्टमी पर होने वाले कार्यक्रम

image

Aug 19, 2022

आज सारे देश में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन त्योहार मनाया जा रहा है। इसकी धूम में कृष्ण नगरी में लाखों की तादाद में श्रद्धालु दर्शन पूजन करने के लिए पहुंचे हैं। इस मौके पर कन्हैया की नगरी शानो शौकत के साथ सजाई गई है। इस पावन पर्व पर ठाकुर जी का भी अभिषेक और श्रृंगार होगा। इसके अलावा सभी मंदिरों में धूमधाम से जन्माष्टमी मनाई जाएगी। 

जन्माष्टमी से एक दिन पहले ही 10 लाख से अधिक लोगों ने श्री कृष्ण जन्मस्थान के दर्शन किए हैं। ऐसे में कृष्ण जन्मस्थान के मुख्य द्वार पर सारे दिन भक्तों की लंबी कतारें नजर आईं और बाबा के दरबार में भीड़ उमड़ती रही। सुरक्षा कारणों से की जा रही चेकिंग से मुख्य द्वार के बाहर लाइनों में लगी भीड़ के कारण पोतरा कुंड से लेकर रेलवे लाइन तक का मार्ग भक्तों से पट गया। बता दें कि इस मौके पर योगी आदित्यनाथ भी आज कृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन करने पहुंचेंगे।

भक्तों के लिए सजी कृष्णा नगर

जन्माष्टमी पर देश विदेश से तीर्थयात्री ठाकुर जी के दर्शन हेतु आते हैं। भक्तों के दर्शन के लिए श्री कृष्ण जन्मस्थली को सजा दिया गया है। मथुरा के सभी प्रवेश द्वारों पर सजावट की गई है। तिराहे और चौराहों को भी भव्य रूप दिया गया है। सारे मंदिरों को फूलों से सजाया गया है। श्रद्धालु ये दार्शनिक नजारा देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं। 

ऐसे होगा श्री कृष्ण का श्रृंगार

जन जन के आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी महाराज को पीत वस्त्रों मे सजाया जाएगा। मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रात्रि 12 बजे ठाकुर बांकेबिहारी जी के श्री विग्रह का दूध, दही, बूरा, शहद और घी से अभिषेक होगा। इसके बाद ठाकुर जी को पीत रंग की पोशाक धारण कराई जाएगी। मंदिर के सेवायत ने प्रह्लाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि रात लगभग 2 बजे मंगला आरती के दर्शन होंगे और विशेष थालों में ठाकुरजी को भोग भी निवेदित किए जाएंगे।

जन्माष्टमी पर होने वाले कार्यक्रम

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर वृंदावन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। पर्व मनाने के लिए हजारों भक्त एवं श्रद्धालुओं के जनसमूह का आना प्रारंभ हो गया है। ऐसे में मंदिरों में होने वाले कार्यक्रम कुछ इस तरह हैं-

1. राधारमण मंदिर में प्रातः: 9 बजे से बजे तक दूध, दही, घी, शहद, शक्कर आदि 54 प्रकार की वनौषधियों से ठाकुर राधा रमण लाल के श्रीविग्रह के अभिषेक दर्शन होंगे। 

2. शाह बिहारी मंदिर में 9.30 बजे से दूध, दही, घी, शहद, शक्कर आदि से ठाकुर राधारमण लाल जू के श्रीविग्रह का अभिषेक होगा। 

3. यशोदानंदन धाम में सायं 6 बजे से श्रीकृष्ण जन्म काल तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 

4. नंदोत्सव के पर्व पर प्रातः: 10 बजे मटकी फोड़ लीला तथा देर रात्रि तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।