Jun 14, 2020
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई में आत्महत्या कर ली है। सुशांत ने अपने घर पर फांसी लगाकर जान दी है। अब उनकी मौत से न केवल फिल्म जगत बल्कि राजनीतिक जगत भी शोक में है। राजनाथ सिंह ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि,'' हिंदी फ़िल्मों के युवा कलाकार सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु का समाचार स्तब्ध करने वाला है। उनकी अभिनय क्षमता, प्रतिभा और कौशल के लोग क़ायल था। उनका यूं चले जाना पीड़ादायक है और यह फ़िल्मजगत के लिए एक बड़ा नुक़सान है। ईश्वर उनके परिवार एवं प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दे।
अर्जुन मुंडा ने किया ट्वीट
वहीं अर्जुन मुंडा ने ट्वीट किया,'' प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या की खबर दुःखद है। मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है।ॐ शांति''। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ट्वीट करते हुए कहा कि,''मेरे पास शब्द नहीं हैं, समझ नहीं आ रहा हैं कि आपने क्यों ऐसा किया। एक उज्ज्वल युवा बच्चा जो बालाजी आया था से लेकर एक सितारा जिसने पूरे राष्ट्र को अपना कायल बनाया। तुमने एक लंबा सफर तय किया था और अभी कई और मील की दूरी पर जाना था। तुम भी जल्द ही चले गए। सुशांत सिंह राजपूत तुम्हारी याद आएगी।
सुशांत सिंह राजपूत के घर में पसरा मातम
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत के पटना स्थित घर में मातम पसरा हुआ है। सुशांत सिंह राजपूत के परिवार में उनकी तीन बहनें भी हैं। बताया जा रहा है कि सुशांत के पिता को उनकी बेटी ने फोन करके ख़ुदकुशी की सूचना दी थी। सुशांत के पिता फिलहाल प्रेस से बात करने की स्थिति में नहीं हैं।