Loading...
अभी-अभी:

सपना चौधरी पर विवादित बयान देने के बाद दिग्विजय चौटाला ने महिला आयोग को भेजा जवाब

image

Jul 14, 2019

जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने हरियाणवी सिंगर और हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं सपना चौधरी पर की गई विवादित टिप्‍पणी के मामले में महिला आयोग को अपना जवाब भेज दिया है। दिग्विजय चौटाला ने अपने जवाब में कहा है कि ठुमका शब्द तो खुद सपना चौधरी के एल्बम में इस्‍तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता यह अपमानजनक शब्द है। हालांकि, महिला आयोग दिग्विजय चौटाला के इस उत्तर से संतुष्ट नहीं है।

सपना चौधरी भाजपा के लिए बनीं आईडियल
महिला आयोग ने सोमवार को दिग्विजय चौटाला को व्यक्तिगत तौर पर हाजिर होने के लिए कहा है। उल्लेखनीय है कि दिग्विजय चौटाला ने सपना चौधरी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था कि उनकी कला वल्‍गर है और ये सब हमारी संस्कृति नहीं है। चौटाला ने कहा था कि बीते दिनों वह गुरुग्राम में आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में सपना चौधरी का भी प्रोग्राम था। इस बात को लेकर भाजपा नेताओं ने उन पर अभद्र टिप्‍पणियां की थीं। आज वहीं सपना चौधरी भाजपा के लिए आईडियल बन गई हैं।

दिग्विजय चौटाला ने दिया था आपत्तिजनक बयान
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सपना चौधरी को लेकर पहले दिए गए बयान पर वह आज भी कायम हैं। उन्‍होंने कहा था कि मेरे बयान को लेकर कुछ लोगों ने मुझे महिला विरोधी भी कहा। अपने बयान में चौटाला ने कहा था कि नाचने गाने वाले लोग ठुमके लगाकर भाजपा को वोट दिलाएंगे तो सियासत का बेडा गर्क हो जाएगा। उन्‍होंने कहा था कि ऐसे लोगों को पार्टी में शामिल करवाने से पहले देश के पीएम मोदी और भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह को विचार करना चाहिए।