Dec 26, 2025
युवा शक्ति का उत्सव: PM मोदी ने बाल पुरस्कार विजेताओं से कहा- आप ही बनाएंगे विकसित भारत
नई दिल्ली। वीर बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को 20 प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इन बच्चों का चयन देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और साहसिक कार्यों के आधार पर किया गया।
क्रिकेट के युवा सितारे वैभव भी सम्मानित
14 वर्षीय बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी इस सूची में शामिल हैं। दिल्ली में पुरस्कार समारोह के कारण वे विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ मैच नहीं खेल सके। दो बच्चों को यह सम्मान मरणोपरांत प्रदान किया गया, जिनके पुरस्कार उनके माता-पिता ने ग्रहण किए।
PM मोदी का बच्चों को प्रेरक संदेश
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजेताओं से मुलाकात कर उन्हें संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जेनरेशन Z और जेनरेशन अल्फा ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ले जाएंगे। मोदी ने बच्चों से बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की।
शिक्षा और अवसरों पर जोर
प्रधानमंत्री ने नई शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि अब रटंत ज्ञान की बजाय सोचने, सवाल पूछने और समाधान खोजने की क्षमता विकसित की जा रही है। उन्होंने खेलो इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेरा युवा भारत जैसे प्लेटफॉर्म्स का जिक्र कर बताया कि युवाओं के लिए अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध हैं।
गुलामी की मानसिकता से मुक्ति का आह्वान
मोदी ने वीर साहिबजादों की शहादत को याद करते हुए कहा कि छोटी उम्र में भी बड़ा साहस दिखाया जा सकता है। उन्होंने संसद में भारतीय भाषाओं में दिए गए भाषणों का उदाहरण देकर गुलामी की मानसिकता से मुक्ति की दिशा में हो रहे प्रयासों की चर्चा की।








