Loading...
अभी-अभी:

लॉकडाउन में फंसे सर्कस के 40 कलाकारों को राज कुमार ने लिया गोद

image

Apr 18, 2020

औरैया: शहर में शरदोत्सव प्रदर्शनी उत्तरार्ध के दौरान नवीन प्रदर्शनी स्थल पर नगर पालिका परिषद की संस्तुति के बाद रेमन सर्कस लगाया गया था। सर्कस में दर्शकों की संख्या नगण्य होने के चलते शो फ्लॉप हो गया। इसी दौरान वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते जनपद में 144 लागू होने के साथ ही लॉकडाउन लागू हो गया। इसके चलते सर्कस के 40 कलाकार वहीं फंस गये। इसी के चलते कलाकारों के सामने खाद्यान्न का संकट उत्पन्न हो गया। पालिका परिषद द्वारा कलाकारों की पर्याप्त इमदाद नहीं हो सकी। इस दरम्यान राज कुमार सक्सेना सूरज मोटर्स ने दरियादिली दिखाते हुए सर्कस के कलाकारों को गोद ले लिया।

शरदोत्सव प्रदर्शनी में लगा था सर्कस

शरदोत्सव प्रदर्शनी उत्तरार्ध के दौरान पालिका प्रशासन की अनुमति के बाद नवीन प्रदर्शनी स्थल जालौन रोड पर रेमन सर्कस लगाया गया। सर्कस में 40 कलाकार अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सर्कस में पर्याप्त दर्शक नहीं आने के चलते सर्कस घाटे में चला गया। इसी दौरान वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते जनपद में धारा 144 के बाद लॉकडाउन कर दिया गया। लॉकडाउन की वजह से सर्कस के कलाकार प्रस्थान नहीं कर सके और वहीं रह गये। सर्कस में घाटा होने के चलते कलाकारों के सामने उदर भरण की समस्या खड़ी हो गई। इसके लिए सर्कस के कलाकारों को पालिका प्रशासन से खाद्यान्न की व्यवस्था कराई गई जो अपर्याप्त रही। उपरोक्त जानकारी देते हुए राज कुमार सूरज मोटर्स ने बताया कि जब इस आशय की उन्हें जानकारी हुई तो वह सर्कस की कलाकारों से मिले और उन्हें लॉकडाउन समाप्त नहीं होने तक गोद लिए जाने का भरोसा दिलाया।

खाद्य सामग्री व अन्य चीजें कराईं उपलब्ध

राज कुमार सक्सेना ने सर्कस के कलाकारों को पहली बार में एक कुंतल आटा, 20 किलो दाल, 50 किलो चावल, 5 लीटर सरसों का तेल, एक गैस सिलेंडर के साथ ही 50 साबुन व सभी लोगों को मंजन आदि उपलब्ध कराया। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक लॉकडाउन रहेगा, तब तक वह सभी कलाकारों का खर्चा उठाते रहेंगे। इस मौके पर प्रमुख रूप से बृजेंद्र गुप्ता उर्फ गुड्डू दादा, स्वर्णकार समाज के पूर्व कोषाध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, गनेश सिंह, कमल वर्मा, राजू, नीरज पोरवाल, मोहम्मद बबलू, देवेंद्र वर्मा, अखिलेश सक्सेना, विकास सक्सेना, लोकेश वर्मा व मनीष गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।